दिल्ली को दो तीन दिन में मिल जायेगा नया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

दिल्ली को दो तीन दिन में मिल जायेगा नया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन के बाद रिक्त हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अगले दो तीन दिन में नए अध्यक्ष का नाम तय हो जायेगा।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पी सी चाको ने बताया कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के चार पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि नए अध्यक्ष के नाम पर अगले दो तीन दिन में फैसला हो जाएगा।

वहीँ पार्टी सूत्रों की माने तो कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, अजय माकन, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर और अरविंद सिंह लवली ने मुलाकात की।

सूत्रों ने कहा कि दिल्ली में विधानसभा चुनावो को ध्यान में रखकर नए अध्यक्ष का नाम तय किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी यदि अनुभव को प्राथमिकता देती हैं तो पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल को दिल्ली प्रदेश की कमान मिलना तय है। वहीँ यदि युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाती है तो अरविंद सिंह लवली को भी दिल्ली की कमान सौंपी जा सकती है।

हालाँकि सूत्रों ने यह भी कहा कि पार्टी आलाकमान दिल्ली के लिए कोई नया बड़ा चेहरा भी दे सकता है। शत्रुघ्न सिन्हा और कीर्ति आज़ाद को अध्यक्ष बनाये जाने की संभावनाओं की ख़बरें भी पार्टी के अंदर चल रही हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital