दिग्विजय सिंह 31 मई को ओरछा से शुरू करेंगे एक और यात्रा

भोपाल। अभी हाल ही में नर्मदा यात्रा करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 31 मई से एक और यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि दिग्विजय सिंह अपनी इस यात्रा के ज़रिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का सन्देश देंगे।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार दिग्विजय सिंह 31 मई को ओरछा से अपनी यात्रा शुरू करेंगे। इससे पहले खबर आयी थी कि दिग्विजय सिंह 15 मई से अपनी यात्रा शुरू करेंगे लेकिन कहा जा रहा है कि दिग्विजय सिंह ने किन्ही कारणों के चलते अपनी यात्रा की तारीख में परिवर्तन किया है और अब ये यात्रा 31 मई से शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह को मध्य प्रदेश कांग्रेस की कोर्डिनेशन कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के सबसे कद्दावर नेता माने जाते हैं। कांग्रेस संगठन के अलावा जनता में भी उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ से पहले ही अलग होने का ऐलान कर चुके दिग्विजय सिंह कह चुके हैं कि अगर विधानसभा चुनाव में पार्टी जीतती है और विधायक उनसे मुख्यमंत्री पद स्वीकार करने के लिए कहते हैं तो भी वह ‘विनम्रता से मना कर देंगे’।
हाल ही में पीटीआई से बातचीत में मध्य प्रदेश के सीएम रहे दिग्विजय सिंह ने स्वीकार किया कि 2008 में मध्य प्रदेश में सत्ता विरोधी लहर थी, लेकिन कांग्रेस उसका फायदा नहीं उठा पाई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी आलाकमान जो भी फैसला करेगा, वह उनको स्वीकार्य होगा।