तीसरे चरण में कई जगह ईवीएम में खराबी को लेकर उठे सवाल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को 15 राज्यों की 116 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण के साथ ही गुजरात, गोवा, केरल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, असम, दमन-दीव और दादर नागर हवेली की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान सम्पन्न हो जाएगा।
तीसरे चरण में आज गुजरात की सभी 26 और केरल की सभी 20 सीटों के साथ असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में 14-14, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 10, पश्चिम बंगाल की 5, गोवा की 2 और दादर नगर हवेली, दमन दीव तथा त्रिपुरा की 1-1 सीट पर मतदान हो रहा है।
इस बीच उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से ईवीएम में खराबी की शिकायतें आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर, टाण्डा, बदायूं, एटा, मुरादाबाद सहित कई इलाको में ईवीएम में खराबी की ख़बरें आ रही हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, “पूरे देश भर में ईवीएम में या तो खराबी आ रही है या भाजपा को वोट जा रहे हैं। डीएम का कहना है कि मतदान अधिकारियों को ईवीएम चलाने की ट्रेनिंग नहीं दी गई है। 350 से ज्यादा ईवीएम बदली जा रही है। ये मतदान के दौरान आपराधिक कदम है। चुनाव आयोग क्या हम जिलाधिकारियों की बात पर भरोसा करें या ये किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।”
इधर समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि रामपुर लोकसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में कई मतदान केन्द्रों पर खराब वोटिंग मशीनों की वजगह से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित है।
उत्तर प्रदेश के टाण्डा, रामपुर सदर, चमरव्वा से बड़ी संख्या में मशीनों के खराब होने की जानकारी मिल रही हैं। समाजवादी पार्टी का कहना है कि जिला प्रशासन का रवैया बेहद गैरजिम्मेदाराना है और लोगों को मताधिकार से वंचित रखने की साजिश की जा रही है।
वहीँ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ संख्या 231 पर एक चुनाव अधिकारी के साथ मारपीट किये जाने की खबर है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वह मतदाताओं से ‘समाजवादी पार्टी’ के निशान को दबाने के लिए कह रहे हैं।
दोपहर एक बजे तक 37.89% मतदान होने की खबर है। सबसे ज़्यादा मतदान पश्चिम बंगाल में 52.37% तथा सबसे कम मतदान जम्मू कश्मीर में 9.63% होने की खबर है।