तीसरे चरण के संवाद के लिए बिहार दौरे पर निकलेंगे शरद यादव
पटना। जदयू नेता और राज्य सभा सांसद शरद यादव बिहार की जनता से संवाद कार्यक्रम के तीसरे चरण की यात्रा तीन नवंबर को पटना से शुरू करेंगे।
तीन दिनों तक चलने वाली इस संवाद यात्रा के दौरान वह बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय जिले में 30 से अधिक सभाओं को संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान वह जगह-जगह लोगों से मिलेंगे और नीतीश कुमार के भाजपा में शामिल होने के बारे में चर्चा करेंगे।
यह जानकारी शरद यादव गुट के नेता वह पूर्व मंत्री अर्जुन राय ने बुधवार को दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने महागठबंधन तोड़ दिया और भाजपा से मिलकर सरकार बना ली। जनता से किये करार को तोड़ा है, क्योंकि 2015 में बिहार विधानसभा चुनाव में लोगों ने महागठबंधन को वोट दिया था। देश के लोकतंत्र में इस तरह की यह पहली घटना है।
अर्जुन राय ने कहा कि शरद यादव के साथ मिलकर वह और उनके सहयोगी देश में महागठबंधन बनाने के प्रयास में लगे हैं। इसके लिए वह 20 से अधिक पार्टियों के संपर्क में हैं. उनके संपर्क में कई विधायक और सांसद हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले शरद यादव दो चरण की संवाद यात्रा कर चुके हैं। शरद यादव ने विपक्ष को एकजुट करने के लिए साझी विरासत बचाओ कार्यक्रम का आयोजन भी किया था।