तीन राज्यों में जीत के लिए कांग्रेस ने चुना SAVE 75 का फॉर्मूला

तीन राज्यों में जीत के लिए कांग्रेस ने चुना SAVE 75 का फॉर्मूला

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जीत का डंका बजाने के लिए नया फॉर्मूला चुना है। पार्टी ने तीन राज्यों में 75 ऐसी सीटें चिन्हित की हैं जिन पर पार्टी लगातार हारती रही है। इन 75 सीटों में मध्य प्रदेश की 30, राजस्थान की 25 और छत्तीसगढ़ की 20 विधानसभा सीटें शामिल हैं।

इन 75 सीटों के आंकलन के बाद कांग्रेस ने तय किया कि जीत के लिए इन सीटों पर वापसी करना आवश्यक है। इसलिए इन 75 सीटों पर घर घर जाकर प्रचार करने की ज़िम्मेदारी कांग्रेस सेवादल को दी जा रही है।

पार्टी का मानना है कि जिन 75 सीटों पर पार्टी पिछले कई चुनाव हारती रही हैं उन सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को पुनः जिताना आवश्यक है। ये वे सीटें हैं जिन्हें बीजेपी का गढ़ कहा जाता है। ऐसे में पार्टी की कोशिश है कि 75 सीटों में से जितनी अधिक से अधिक सीटे जीती जा सकें उतना पार्टी के लिए बेहतर होगा।

यही कारण है कि बीजेपी के गढ़ कहे जाने वाले 75 विधानसभा क्षेत्रो में घर घर तक पहुँचने के लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से ट्रेंड किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कभी कांग्रेस की रीड की हड्डी कहे जाने वाले कांग्रेस सेवादल को एक बार फिर से पुराने रंग में वापस लाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने खास निर्देश दिए हैं।

वहीँ सेवा दल के मुख्य संगठक लालजीभाई देसाई ने कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के समय सेवा दल कांग्रेस के लिए सक्रिय रूप से प्रचार करता था, लेकिन पिछले कई वर्षों से यह नहीं हो पा रहा था। अब हम आगामी विधानसभा चुनावों में यह फिर शुरू करने जा रहे हैं।

फ़िलहाल देखना है कि तीन अहम राज्यों के विधानसभा चुनावो में कांग्रेस का सेव75 फॉर्मूला कितना कामयाब रहता है और कांग्रेस सेवादल इन सीटों पर कांग्रेस के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital