तीन राज्यों के कांग्रेस नेताओं के साथ सोनिया की बैठक, नए प्रदेश अध्यक्षों की न्युक्ति जल्द

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में प्रदेश अध्यक्ष पद पर न्युक्ति के लिए तीनो राज्यों के नेताओं के साथ बैठक की है।
हरियाणा में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए वहां जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष की न्युक्ति को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलामनबी आज़ाद हाल ही में सोनिया गांधी से मिले थे। आज़ाद के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।
माना जा रहा है कि हरियाणा में गुटबंदी समाप्त करने के लिए कुमार शैलजा को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जा सकती है। वहीँ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति में स्थान दिया जा सकता है साथ ही उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
वहीँ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। पार्टी सूत्रों की माने तो कमलनाथ ने सोनिया गांधी से मिलकर प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने की इच्छा जताई है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी सोनिया गांधी से मुलाकात के लिए समय माँगा है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में आने के बाद राज्य कांग्रेस में हलचल बढ़ गयी है। सूत्रों की माने तो पार्टी आलाकमान राज्य में बीजेपी और संघ को काउंटर करने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया या दिग्विजय सिंह में से किसी एक को प्रदेश की कमान सौंप सकता है। हालाँकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नाम भी शामिल है।
वहीँ दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित के निधन के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय होना है। पार्टी सूत्रों की माने तो डॉ अशोक कुमार वालिया और पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने सोनिया गांधी से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक जल्द ही दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश में कांग्रेस को नए प्रदेश अध्यक्ष मिल सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष जल्द ही नए अध्यक्षों के नाम पर अपनी मुहर लगा सकती है।