डूसू चुनाव में ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप, नतीजों को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव (डूसू) में इस्तेमाल की गयी ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नतीजों को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गयी है। चुनाव में ईवीएम से छेड़छाड़ को लेकर तीन उम्मीदवारों ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है।
उम्मीदवारों ने इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। अदालत में दायर याचिका में उम्मीदवारों ने सवाल किया है कि निजी तौर पर खरीदी गयी ईवीएम का इस्तेमाल डूसू चुनावों में कैसे किया जा सकता है। इसके अलावा याचिका में उम्मीदवारों ने डूसू चुनाव में इस्तेमाल में लाई गई ईवीएम सुरक्षित रखने की मांग की गई है।
12 सितम्बर को हुए डूसू चुनाव के नतीजों में एबीवीपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि एनएसयूआई को एक सीट पर ही जीत मिली थी। नतीजों में गड़बड़ी को लेकर मतगणना कुछ समय के लिए रोक दी गई थी।
इससे पहले कांग्रेस ने दिल्ली डूसू चुनाव में ईवीएम से हुए मतदान में धांधली का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने मतपत्रों के जरिये दोबारा मतदान कराने की मांग करते हुए कहा था कि इस मामले में अदालत जा सकती है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने शुक्रवार को बताया था कि डूसू चुनाव में अहम पदों पर पहले कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन एनएसयूआई के उम्मीदवार आगे चल रहे थे। करीब एक घंटे तक मतगणना रोकी गई और उसके बाद जब दोबारा मतगणना शुरू हुई तो स्थिति बदलने लगी।