ट्रंप की धमकी ‘दम है तो 4 नवंबर के बाद खरीद कर दिखाएँ ईरान से तेल’
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि 4 नवंबर के बाद अगर कोई देश ईरान से तेल खरीदता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाया जाएगा।
ट्रंप ने कहा कि 4 नवंबर तक दुनियाभर के देश ईरान से कच्चे तेल का आयात पूरी तरह से बंद करें, वरना उन्हें अमेरिका ‘देख लेगा’। ट्रंप ने भारत और चीन को भी चेतावनी देते हुए कहा कि ‘हम उन्हें भी देखेंगे’।
गौरतलब है कि भारत और रूस के बीच हुए एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली सौदे और प्रतिबंधों के बावजूद भारत के ईरान से तेल खरीदने को लेकर अमेरिका पहले से ही नाराज़ है।
भारत ने हाल ही में रूस से एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली की खरीद के लिए 5 अरब डॉलर का सौदा किया है, जिसपर अमेरिका ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी। इसके अलावा भारत ने ये भी कहा है कि भारतीय कंपनियां ईरान से तेल खरीदना जारी रखेंगी।
इतना ही नहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2015 में ईरान परमाणु समझौते से अमेरिका को अलग कर लिया था और उसके बाद ईरान पर प्रतिबंध लगा दिया था।
ट्रंप ने ईरान से तेल खरीदने वाले सभी देशों से अपील की है कि वो ईरान से कच्चे तेल का आयात घटाकर शून्य कर लें और अगर ऐसा नहीं किया तो उन देशों पर भी प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
