टीएमसी का पलटवार: मोदी-शाह को भेजे जाएंगे जय हिन्द-जय बांग्ला लिखे 20 लाख पोस्टकार्ड

टीएमसी का पलटवार: मोदी-शाह को भेजे जाएंगे जय हिन्द-जय बांग्ला लिखे 20 लाख पोस्टकार्ड

कोलकाता। जय श्री राम को लेकर भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच चल रहा शीत युद्ध और तेज हो गया है। बीजेपी द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जय श्री राम लिखे दस लाख पोस्ट कार्ड भेजे जाने के एलान पर अब तृणमूल कांग्रेस ने पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को दो गुने पोस्ट कार्ड भेजने का एलान किया है।

गौरतलब है कि बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह ने कहा है कि ममता बनर्जी को जय श्रीराम लिखे दस लाख पोस्टकार्ड भेजेंगे। इसके जबाव में तृणमूल कांग्रेस ने एलान किया है कि वह पीएम मोदी और अमित शाह को ‘जय हिंद-जय बांग्ला’ लिखे 20 लाख पोस्टकार्ड भेजेगी।

टीएमसी नेता और ममता सरकार में मंत्री ज्योतिप्रिया मलिक ने कहा कि हम पीएम मोदी को 7 लोक कल्याण मार्ग पर और अमित शाह के यहां बीस लाख पोस्टकार्ड भेज रहे हैं।

इससे पहले ममता बनर्जी ने एक फेसबुक पोस्ट में बीजेपी पर पलटवार करते हुए लिखा, “बीजेपी धार्मिक नारे, जय श्रीराम को विकृत रूप से अपने पार्टी के नारे के रूप में काम में लगा रही है और इसके माध्यम से धर्म और राजनीति को एक साथ मिला रही है।”

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सामने आया है कि कुछ लोग ममता बनर्जी को देखकर जय श्री राम के नारे लगाने शुरू कर देते हैं। जिसके बाद ममता बनर्जी अपनी गाडी से उतर कर इन लोगों की तरफ जाती है और इन्हें फटकारती हैं। इस घटना के बाद कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। हालाँकि ममता सरकार ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार लोगों का उस घटना से कोई ताल्लुक नहीं है।

बात दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल की एक चुनावी सभा में स्वयं पीएम मोदी ने आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जय श्री राम कहने पर बंगाल के लोगों को जेल में डलवा रही हैं।

TeamDigital