जादू की झप्पी से विंक तक, राहुल गांधी ने एक तीर से साधे कई निशाने

जादू की झप्पी से विंक तक, राहुल गांधी ने एक तीर से साधे कई निशाने

नई दिल्ली। आज संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस राहुल गांधी ने जहाँ अपने भाषण में आक्रामतकता दिखाई वहीँ उन्होंने अपने एक तीर से कई निशाने साधे।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी के विदेशी नेताओं से गले लगने के फॉर्मूले को उन्हें ही थमा दिया। राहुल गांधी सदन में अपनी सीट से उठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट तक पहुंचे और उनके गले लगे। यह पहला मौका था जब मोदी सरकार के पिछले चार साल से अधिक समय के कार्यकाल के दौरान पीएम मोदी और राहुल गांधी को गले मिलते देखा गया हो।

इतना ही नहीं जब राहुल अपनी सीट पर वापस जाकर बैठे तो उन्होंने बगल में बैठे सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुस्कुराते हुए विंक (आँख मारी) किया।

इससे पहले अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि आप चाहे कितना भी गाली दे लो लेकिन मेरे अंदर आपके प्रति प्रेम है। यही कांग्रेस की भावना है। यह भावना आपके अंदर भी है और मैं आप सबके अंदर से इस भावना को निकालूंगा और आप सबको कांग्रेस में बदलूंगा।

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री और आरएसएस का अभारी हूं कि इन्होंने मुझे कांग्रेस का मतलब समझाया। इन्होंने हिन्दुस्तानी होने का मतलब समझाया। हिन्दुस्तानी का मतलब, आपको कोई भी कुछ भी कहे, गाली दे, झूठ बोले, लाठी मारे तुम्हारे दिल में उसके लिए प्यार होना चाहिए। ये बात नरेंद्र मोदी जी, बीजेपी और आरएसएस ने मुझे सिखाया. इसके लिए मैं आपको दिल से धन्यवाद कहता हूं।”

राहुल गांधी ने कहा कि ‘ये सरकार सिर्फ झूठे वादे करती है और पूरा देश जुमला स्ट्राइक का शिकार है।’

उन्होंने मोदी सरकार के जुमले गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने सिर्फ चार लाख युवाओं को नौकरी दी।

राहुल ने राफेल सौदे पर अंगुली उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी फ्रांस गए तो अचानक 1600 करोड़ रुपये प्रति हवाई जहाज हो गया। पहले राफेल 540 करोड़ का था। राहुल इतने पर ही नहीं रुके. उन्होंने कहा कि पीएम के दबाव में आकर रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने देश से झूठ बोला है।

राहुल ने पीएम के चौकीदार वाले बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘पीएम चौकीदार नहीं भागीदार हैं’। राहुल ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी 10-20 कारोबारियों के लिए सब कुछ करते हैं।

TeamDigital