जब राहुल गांधी के भाषण के बाद फफक कर रोने लगी ये शिक्षिका
अहमदाबाद। दो दिन के चुनावी दौरे पर गुजरात पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमदाबाद के ठाकुरभाई देसाई हॉल में शिक्षकों और बुद्धजीवियों के कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
अपने सम्बोधन में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान इस कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ संवाद भी किया। वहां मौजूद एक शिक्षिका रंजना अवस्थी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को स्वयं के साथ हो रहे अन्यायों का खुलासा किया।
रंजना अवस्थी गुजरात के एक कॉलेज में पार्ट टाइम शिक्षिका के तौर पर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 22 वर्ष से काम करने के बावजूद उनका बेतन सिर्फ 12 हज़ार रुपये है। उन्होंने कहा कि उन्हें मेटरनिटी लीव से लेकर कई अन्य सुविधाओं से वंचित रखा गया है।
रंजना अवस्थी ने कहा कि उन्ही की तरह बहुत से पार्ट टाइम शिक्षकों के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि लम्बे समय तक उनकी सेवाओं की अनदेखी कर अब राज्य सरकार पार्ट टाइम शिक्षकों को 40 हज़ार रुपये देकर उन्हें नौकरी से हटाना चाहती है। यह कहते कहते रंजना अवस्थी की आँखों से आंसू छलक पड़े और वे फफक कर रोने लगीं।

थोड़ी ही देर में मामला और मार्मिक तब हो गया जब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें हिम्मत देने की कोशिश की लेकिन वे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से लिपटकर रोने लगीं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने वहां मौजूद शिक्षकों से कहा कि वे हिम्मत रखें , कांग्रेस सरकार में आएगी तो शिक्षकों की अनदेखी नहीं की जायेगी और उन्हें उचित बेतन देने की व्यवस्था की जायेगी।
