जन आक्रोश रैली से कांग्रेस आज फूंकेगी 2019 चुनाव का बिगुल
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस एक बड़ी रैली करने जा रही है। जन आक्रोश के नाम से हो रही इस रैली के माध्यम से कांग्रेस 2019 चुनावो के लिए बिगुल फूंकेगी।
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली में पहली बार कांग्रेस की बड़ी रैली होने जा रही है जिसके चलते रैली को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर भी पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस रैली के जरिए दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेरेगी। गुजरात में नवसर्जन यात्रा को मिली कामयाबी के बाद राहुल गांधी कर्नाटक में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
इसी से प्रेरणा लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के प्रमुख और अन्य दिग्गज नेता 29 अप्रैल के बाद अपनी अपनी यात्राओं पर निकलेंगे। रैली के राजनीतिक मायने भी लगाए जा रहे हैं। रैली को सफल बनाने के लिए कई कमेटियां बनाई गई हैं। भीड़ जुटाने के लिए आसपास के राज्यों से भी लोग दिल्ली पहुंचेंगे।
रैली को लेकर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है, ‘मोदी सरकार के चार साल-युवाओं को रोजगार नहीं, महिलाओं को सुरक्षा नहीं, किसानों को सही दाम नहीं, दलितों-अल्पसंख्यकों को अधिकार नहीं हैं। इस निराशा से फैले आक्रोश को जाहिर करने के लिए कल सुबह रामलीला मैदान में ‘जन-आक्रोश रैली’ में शामिल हों। आपके सहयोग की अपेक्षा रहेगी।‘
कांग्रेस की आज की जन आक्रोश रैली में शामिल होने के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थको का दिल्ली पहुंचना जारी है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से भी कांग्रेस कार्यकर्त्ता भारी तादाद में दिल्ली पहुँच रहे हैं।