जन आकांक्षा रैली लाइव: गांधी मैदान में ऐतिहासिक भीड़, मंच पर पहुंचे राहुल
पटना। यहाँ गांधी मैदान में आयोजित कांग्रेस की जनआकांक्षा रैली में भाग लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश वघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंच पर पहुँच चुके हैं।
इससे पहले रैली को सम्बोधित करते हुए लोकतान्त्रिक जनता दल नेता शरद यादव ने कहा कि मौजूदा समय में देश अघोषित आपातकाल के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान और संवैधानिक संस्थाएं खतरे में हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में देश हित को ध्यान में रखकर मतदान का फैसला लें।
रैली को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी जी देश को बांटने का काम कर रहे हैं और हम महागठबंधन के ज़रिये लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम राहुल गांधी के नेतृत्व में मोदी के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है।
गौरतलब है कि पटना में कांग्रेस की रैली करीब 28 साल बाद आयोजित की गयी है। इस रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। इस रैली में भाग लेने के लिए ही कल रात से ही लोगों का आना शुरू हो गया था।