जनरल वीके सिंह ने बढ़ाईं आदित्यनाथ की मुश्किलें, मोदी की सेना वाले बयान को बताया देशद्रोह

जनरल वीके सिंह ने बढ़ाईं आदित्यनाथ की मुश्किलें, मोदी की सेना वाले बयान को बताया देशद्रोह

नई दिल्ली। गाज़ियाबाद से बीजेपी उम्मीदवार जनरल वीके सिंह के समर्थन में आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा भारतीय सेना को मोदी की सेना कहे जाने पर मामला और गहरा गया है।

जहाँ एक तरफ चुनाव आयोग ने इसे आचार संहिता का मामला मानते हुए योगी आदित्यनाथ को नोटिस दिया है वहीँ जिन जनरल वीके सिंह के लिए योगी आदित्यनाथ ने यह बयान दिया था उन्ही वीके सिंह ने योगी आदित्यनाथ के बयान को गलत बताते हुए इसे देशद्रोह करार दिया है।

बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में जनरल वीके सिंह ने कहा कि भारत की सेनाएं भारत की हैं, और ये किसी राजनीतिक पार्टी की नहीं हैं। अगर कोई कहता है कि भारत की सेना मोदी जी की सेना है तो वो गलत ही नहीं, वो देशद्रोही भी है। उन्होंने कहा कि पता नहीं कौन ऐसी बात कर रहा है. एक ही दो लोग हैं जिनके मन में ऐसी बातें आती हैं क्योंकि उनके पास तो कुछ और है ही नहीं।

जनरल वीके सिंह के इस बयान के बाद अब योगी आदित्यनाथ की मुश्किलें और बढ़ती दिखाई दे रहीं हैं। चुनाव आयोग ने इस मामले में आदित्यनाथ को शुक्रवार शाम तक जवाब देने के लिए कहा है। गाजियाबाद के जिला मजिस्ट्रेट ने योगी आदित्यनाथ के भाषण के उस अंश का वीडियो क्लिप चुनाव आयोग को पहले ही सौंप दिया है जिसमे योगी आदित्यनाथ भारतीय सेना को मोदी की सेना कह रहे हैं।

क्या कहा था योगी आदित्यनाथ ने:
योगी आदित्यनाथ ने कहा था, ‘कांग्रेस के लोग आतंकवादियों को बिरयानी खिलाते थे और मोदी जी की सेना उन्हें सिर्फ गोली और गोला देती है। यह अंतर है. कांग्रेस के लोग मसूद अजहर जैसे आतंकियों के लिए जी का इस्तेमाल करते हैं, मगर पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार आतंकियों के कैंप पर हमले कर उनका कमर तोड़ती है।’

TeamDigital