चौथे चरण के चुनाव के लिए आज होगा 9 राज्यों की 71 सीटों पर मतदान

चौथे चरण के चुनाव के लिए आज होगा 9 राज्यों की 71 सीटों पर मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आज 9 राज्यों की 71 सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों के लिए भी सोमवार को वोटिंग होगी। इसके अलावा जम्मू कश्मीर की अनंतनाग सीट के लिए भी वोट डाले जाएंगे।

जम्मू और कश्मीर में अनंतनाग संसदीय निर्वाचन क्षेत्र देश का एकमात्र ऐसा संसदीय क्षेत्र है जिसमें आम चुनाव के चरण 3, चरण 4 और चरण 5 में चुनाव होने जा रहा है। अनंतनाग (संसदीय क्षेत्र संख्या 3) में आने वाले चार जिले अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा हैं।

वहीं, राजस्थान के 25 संसदीय निर्वाचन क्षेत्र मे 13 निर्वाचन क्षेत्रों में इस चरण में वोट डाले जाएंगे और 12 संसदीय क्षेत्रों में पांचवें चरण में 6 मई को वोट डाले जाएंगे। बिहार की 5, झारखंड की 3, मध्य प्रदेश की 6 और ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 8, महाराष्ट्र की 17 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

उत्तर प्रदेश की जिन 12 लोकसभा सीटों पर सोमवार को मतदान होगा उनमे उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, खीरी, शाहजहांपुर, हरदोई, अकबरपुर, जालौन, झांसी और हमीरपुर लोकसभा सीटें शामिल हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इन 12 सीटों में से 11 सीटें जीती थीं।

वहीँ 2014 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिहाज से देखें तो भाजपा अकेले 71 में से 45 सीटें जीतने में कामयाब रही थी, जबकि भाजपा अपने सहयोगी दलों शिवसेना को 9 और एलजेपी को 2 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस को महज 2 सीटें मिली थीं, जिनमें मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा और पश्चिम बंगाल की बेहरामपुर सीट थी। छिंदवाड़ा से कमलनाथ और बेहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी जीतने में कामयाब रहे थे। इसके नवीन पटनायक की पार्टी बीजेडी 6 सीटें जीती थी। टीएमसी 6 और सपा 1 सीट जीती थी।

पिछले चुनाव में चौथे चरण में राजस्थान की 13 सीटों में कांग्रेस एक भी नहीं जीत पाई थी। सभी सीटें भाजपा को मिली थीं। मध्य प्रदेश की 6 सीटों में कांग्रेस को एक और भाजपा को पांच सीटें मिली थीं।

महाराष्ट्र की सभी 17 सीटें शिवसेना औरभाजपा जीतने में कामयाब रही थी। शिवसेना को 9 और भाजपा को 8 सीटें मिली थीं। कांग्रेस और एनसीपी को एक भी सीट नहीं मिली थी। वहीं, झारखंड की सभी तीन सीटों भाजपा के पास हैं। बंगाल की जिन 8 सीटों में एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस को मिली थी जबकि 6 सीटें टीएमसी के खाते में गई थीं तो ओडिशा की सभी 6 सीटें बीजेडी के पास हैं।

चौथे चरण में कई प्रमुख चेहरों का भविष्य दांव पर है, जिनमें जेएनयू छात्रसंघ के नेता कन्हैया कुमार, बीजेपी नेता गिरिराज सिंह, डिंपल यादव, सलमान खुर्शीद सहित कई प्रमुख उम्मीदवार शामिल हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital