चिदंबरम गिरफ्तार, सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया
नई दिल्ली। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के घर में बड़े ही नाटकीय ढंग से घुसी सीबीआई और ईडी की टीम ने चिदंबरम को अपनी हिरासत में ले लिया है और उन्हें सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया है।
इससे पहले सीबीआई की टीम ने पी चिदंबरम के घर में बड़े नाटकीय अंदाज में दीवार फलांग कर प्रवेश किया। सीबीआई टीम के सदस्यों ने अंदर जाकर चिदंबरम के घर का मुख्य दरवाजा खोल दिया और ईडी की टीम भी अंदर प्रवेश कर गयी।
इसके कुछ देर बाद पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को सफ़ेद रंग की कार में बैठाकर सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया है। हालाँकि अभी तक सीबीआई ने चिदंबरम की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की लेकिन लेकिन माना जा रहा है कि चिदंबरम को गाढ़ी में बिठाकर सीबीआई मुख्यालय ही ले जाया गया है। जहाँ उनसे सीबीआई और ईडी की टीम पूछताछ कर सकती है।
इससे पहले आज मीडिया से बात करते हुए पी चिदंबरम ने कहा कि मुझे लोकतंत्र पर पूरा भरोसा है। आईएनएक्स मामले में मेरे और परिवार के खिलाफ कोई चार्जशीट नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी एफआईआर में मेरा नाम नहीं है। स्वतंत्रता लोकतंत्र की सबसे बड़ी चीज है।
उन्होंने कहा कि वह अपने वकीलों से कानूनी पेचीदगी पर बात कर रहे थे। चिदंबरम ने कहा पिछले 48 घंटों में जो हुआ है उससे देश में गलत संदेश गया है। पिछले कई दिनों से मेरे बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है। मुझे हैरत है कि लोग मुझे फरार बता रहे हैं।
चिदंबरम ने कहा कि मैं आईएनएक्स मामले में आरोपी नहीं हूं, मेरे परिवार का कोई भी सदस्य इस मामले में अभी तक आरोपी नहीं है। उन्होंने कहा सीबीआई और ईडी ने ऐसी कोई चार्जशीट नहीं दाखिल की है जिसमें मेरा नाम हो।
चिदंबरम ने कहा कि मेरे बारे में फैलाई गई सभी बातें पूरी तरह झूठी हैं। पिछले 13-14 महीनों से मुझे अंतरिम जमानत दी गई थी। पिछले दिनों हाईकोर्ट ने मेरी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। चिदंबरम ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट से अपील करता हूं कि वह तत्काल रूप से मेरी याचिका पर सुनवाई करे और मुझे अंतरिम जमानत दी जाए।
पी चिदंबरम ने कहा कि मेरे और मेरे वकील साथियों ने बीती पूरी रात इस जमानत के कागजात पर मेहनत से काम किया है और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। ये पूरी तरह झूठ है कि मुझे फरार बताया जा रहा है। उम्मीद करता हूं कि स्वतंत्रता के अधिकार के तहत शुक्रवार तक जांच एजेंसियां भी कानून का पालन करेंगी।
