चिदंबरम के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी, अंतरिम जमानत याचिका पर आज होगी सुनवाई
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को खोज रही सीबीआई और ईडी ने कल रातभर पसीना बहाया लेकिन वह चिदंबरम को खोजने में असफल साबित हुई।
चिदंबरम की तलाश में सीबीआई दो बार उनके आवास पर पहुंची और दूसरी बार चिदबरम के आवास पर सीबीआई अधिकारीयों ने एक नोटिस भी चिपकाया, जिसमे चिदबरम से दो घंटे के अंदर पेश होने के लिए कहा गया था।
वहीँ बुधवार सुबह पूर्व वित्त मंत्री के वकील अर्शदीप सिंह खुराना ने जांच एजेंसी को पत्र लिखकर पूछा है, ‘आपने मेरे मुवक्किल के घर के बाहर जो नोटिस चस्पा की है, उसमे यह नहीं बताया है कि आखिर उन्हें किस कानून के तहत दो घंटे के भीतर पेश होने के लिए कहा गया है।’
खुराना ने लिखा है, ‘मेरा मुवक्किल अपने कानूनी विकल्पों की तलाश कर रहा है। उसने 20 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और इस मामले में अंतरिम राहत की अपील की है। उसे सुप्रीम कोर्ट में तत्काल विशेष अवकाश याचिका दायर करने की अनुमति मिली है। आज 21 अगस्त को सुबह 10.30 बजे कोर्ट इस पर सुनवाई करेगा। लिहाजा मेरी अपील है कि तब तक सीबीआई मेरे मुवक्किल के खिलाफ किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करे और इंतजार करे।’
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसी के खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटिशन (एसएलपी) दायर की।
चिदंबरम की याचिका पर जस्टिस एसवी रमना की बेंच ने इस मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए इसे चीफ जस्टिस रंजन गोगोई के पास भेज दिया। अब चीफ जस्टिस तय करेंगे कि मामले की तत्काल सुनवाई हो या नहीं। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चिदंबरम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।
