चिंता की लकीरें: बीजेपी ने दिल्ली से गुजरात शिफ्ट किया अपना मुख्यालय!
नई दिल्ली। गुजरात चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना चुकी भारतीय जनता पार्टी में नौबत यहाँ तक आ पहुंची है कि उसे अपना मुख्यालय गुजरात शिफ्ट करना पड़ा है।
सूत्रों के अनुसार बीजेपी ने अपना मुख्यालय कुछ दिनों के लिए दिल्ली के अशोक रोड से हटाकर अहमदाबाद कर लिया है। यही कारण है कि फिलहाल बीजेपी के दिल्ली में अशोक रोड स्थित मुख्यालय पर सन्नाटा पसरा है।
बीजेपी सूत्रों के अनुसार ऐसा इसलिए किया गया है ताकि पार्टी की ज़रूरी बैठकों के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह तथा अन्य नेताओं को गुजरात छोड़कर दिल्ली न आना पड़े।
सूत्रों ने कहा कि 27 नवंबर की प्रधानमंत्री मोदी की जनसभाओं में खाली कुर्सियों ने बीजेपी के माथे पर चिंता की लकीरे खींच दी हैं। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी की सभा में भीड़ न जुटने को लेकर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने स्थानीय नेताओं को फटकार भी लगायी है।
सूत्रों की माने तो 29 नवंबर से बीजेपी गुजरात में अपनी पूरी ताकत झौंक देगी। सूत्रों के अनुसार इसके लिए पार्टी की तरफ से 7 मुख्यमंत्रियों, 15 केंद्रीय मंत्रियों, 150 बीजेपी सांसदों और पूर्व सांसदों के अलावा अलग अलग राज्यों के करीब 200 विधायकों को गुजरात में कैम्प करने के लिए कहा गया है।
सूत्रों ने कहा कि इस चुनाव में जनता पर ढीली होती पकड़ और हार्दिक फेक्टर के चलते बीजेपी अपनी पूरी ताकत झौंकने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सूत्रों ने कहा कि कल से बीजेपी के प्रचार में तेजी आएगी और राज्यभर में बीजेपी के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के अलावा नेताओं की फ़ौज दिखाई देना शुरू हो जाएगी।
