गुजरात में बोले राहुल “मोदी जी ने विकास को जिस पागल खाने भेजा है, हम उसे वहां से वापस लायेंगे”

गुजरात में बोले राहुल “मोदी जी ने विकास को जिस पागल खाने भेजा है, हम उसे वहां से वापस लायेंगे”

वड़ोदरा। बुधवार को अपनी यात्रा के तीसरे दिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को अपने निशाने पर लिया।

छात्रों को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात की सरकार ने राज्य में शिक्षा के लिए उचित फंड मुहैया नहीं कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों का भविष्य सुरक्षित नहीं करना चाहती।  बीजेपी पर हमला बोलते हुए राहुल गाँधी ने कहा, ‘गुजरात में जो भी गलत हो रहा है, उसे बदलने के लिए कांग्रेस आ रही है।’

राहुल गांधी ने एक बार फिर विकास को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा, ‘मोदीजी ने आदिवासियों और गरीबों से इतना झूठ बोला कि विकास पागल हो गया।  राहुल गांधी ने कहा कि “मोदीजी ने विकास को जिस पागलखाने में भेजा है, उसे कांग्रेस वापस लेकर आएगी।“

राहुल गांधी ने राज्य की बीजेपी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि आपकी नई सरकार ‘पीएम की मन की बात’ की नहीं होगी बल्कि अगली सरकार ‘आपके मन की बात’ की होगी।

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह प्रकरण पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘मुझे अभी भी नहीं समझ में आया कि शाह के बेटे जय शाह की फायदे में चल रही कंपनी को उसे नोटबंदी से पहले अचानक बंद क्यों कर दिया जाता है। मोदीजी और अमित शाह के अच्छे दिन साल 2014 में आए थे और अब कांग्रेस गुजरात में अच्छे दिन लेकर आएगी।’

उन्होंने यूपीए सरकार के कार्यकाल में गुजरात के लिए किये गए कार्यो का हवाला देते हुए कहा कि ‘कांग्रेस ने गुजरात को मनरेगा के लिए 35 हजार करोड़ रुपए दिए थे। इन्होंने उसे नैनो प्लांट पर खर्च कर दिया। क्या आप अंदाजा लगा सकते हैं कि 35 हजार करोड़ रुपए के मनरेगा फंड से कितने लाोगों को रोजगार मिलता।‘

अंतराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोत्तरी पर राहुल गांधीने कहा कि ‘जब वैश्विक स्तर पर तेल के दाम नीचे गिर रहे हैं, तब भारत में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। और वे इसे विकास कहते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘ मेरे पास उन वादों की लिस्ट है, जो मोदीजी ने आदिवासियों से किए थे। क्या उन्होंने पांच लाख नौकरियां दी? क्या उन्होंने घर दिए? नहीं।’

बता दें कि गुजरात में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों प्रदेश में नवसृजन यात्रा कर रहे हैं।

TeamDigital