गुजरात में दलित उत्पीड़न पर राजनाथ के बयान पर संसद में हंगामा

rajnath-singh-parliament

नई दिल्ली । संसद में गुजरात में दलित युवको की कथित पिटाई के मुद्दे पर गृहमंत्री राजनाथ के बयान पर संसद में ज़बरदस्त हंगामा हुआ । गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में गुजरात के ऊना में दलितों पर हुए अत्याचार की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भी इसपर दुखी हैं।

उन्होंने कहा कि इस बुराई को मिल-जुलकर खत्म करने की आवश्यकता है । इस मसले पर केंद्र और राज्य सरकार ने क्या कदम उठाए राजनाथ सिंह ने उनपर भी चर्चा की। राजनाथ सिंह के मुताबिक, 4 अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है और 9 आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पीड़ित दलित परिवार को 4 लाख रुपए दिए जाएंगे। यह पैसा राज्य सरकार देगी। राजनाथ सिंह ने बताया कि सुसाइड की कोशिश करने वाले 7 लोगों का खर्च भी सरकार उठा रही है। इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं इस पर तुरंत कार्यवाही के लिए गुजरात सरकार को बधाई देता हूँ ।

राजनाथ सिंह के बधाई देने वाले बयान के बाद विपक्ष ने संसद में हंगामा शुरू कर दिया । राजनाथ सिंह के बोलने के दौरान विपक्ष हंगामा कर रहा था। इसपर उन्होंने 1991 से लेकर 1999 तक गुजरात में दलितों पर हुए अत्याचार के मामलों के बारें में बताया। राजनाथ ने यह भी कहा कि 2001 में मोदी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन आंकड़ों में गिरावट आई थी।

TeamDigital