गुजरात दौरे के पहले ही दिन राहुल ने साधा अमित शाह पर निशाना
पोरबंदर। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज से गुजरात के दो दिन के दौरे पर हैं। नवसृजन यात्रा के समापन के बाद फिर से गुजरात दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने पहले ही दिन अपने तीखे तेवर दिखाये।
न्यूज़ चैनल एबीपी से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस के मुद्दे नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई, भ्रष्टाचार, विकास और बेरोजगारी हैं। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए
उन्होंने कहा कि सवाल जय शाह पर भी पूछा जाना चाहिए जिन्होंने 50 हजार रुपये को 80 करोड़ में बदल दिया। राहुल ने कहा कि अमित शाह जी के बेटे ने बहुत पैसा कमाया है।
हार्दिक पटेल द्वारा कांग्रेस को समर्थन के बाद राहुल गांधी का यह पहला गुजरात दौरा है। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान राहुल दलित शक्ति केंद्र जाएंगे और राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करेंगे।
दलित शक्ति केंद्र के मुताबिक ये भारत का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज है जो 125 फुट चौड़ा और 833 फुट ऊंचा है। इसके अलावा राहुल गांधी के नेतृत्व में यहाँ भारत को छुआछूत जैसी कुप्रथाओं से मुक्त करने के लिए भी शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
राहुल गांधी मछुआरों से भी मुलाकात करेंगे। वे अहमदाबाद में दलित स्वाभिमान सभा को संबोधित करेंगे तथा निजी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे।
राहुल आज शाम साढ़े सात बजे अहमदाबाद में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। गुजरात में 7 फीसदी दलित मतदाता हैं। राज्य की 182 सीटों में से 13 सीटें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं।
