गुजरात चुनाव कार्यक्रम घोषित, 9 और 14 दिसम्बर को होगा मतदान
नई दिल्ली: गुजरात विधानसभा चुनावो के लिए कार्यक्रम का एलान कर दिया गया है. गुजरात में दो चरणों में चुनाव कराया जाएगा. यहाँ 9 और 14 दिसम्बर को मतदान होगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त एके ज्योति ने बताया कि गुजरात में कुल 4 करोड़ 33 लाख वोटर्स हैं जिनके लिए 50,128 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे. सभी विधानसभा सीटों पर वीवीपेट (VVPAT) मशीनों का इस्तेमाल होगा तथा हर सीट के एक पोलिंग बूथ पर मशीन लगी होगी.
एके ज्योति ने कहा कि गुजरात में आज से आचार संहिता लागू हो गई है और यह केंद्र सरकार के लिए भी लागू है. ईसी के मुताबिक, चुनाव की हर गतिविधि की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी.
उन्होंने कहा कि चुनाव में कोई भी उम्मीदवार 28 लाख से ज्यादा खर्च नहीं कर सकेगा। इस बार गुजरात चुनावो में 102 बूथ पर महिला स्टाफ होगा और निगरानी में जीपीएस का भी इस्तेमाल किया जाएगा.
इतना ही नही जो इलाके संवेदनशील माने गए हैं उनपर वेब कास्टिंग के जरिए लाइव नजर रखी जाएगी। सुविधा ऐप के जरिए रैली के लिए ऑनलाइन इजाजत ली जा सकेगी और मोबाइल ऐप के जरिए लोग चुनाव से जुड़ी कोई भी शिकायत कर सकेंगे.
182 सदस्यों वाली गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 23 जनवरी, 2018 को पूरा हो रहा है. गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी के अलावा इस बार आम आदमी पार्टी और शंकर सिंह वाघेला की पार्टी भी मैदान में है.
