गुजरात चुनाव: कांग्रेस ऐसे रखेगी ईवीएम पर नज़र

गुजरात चुनाव: कांग्रेस ऐसे रखेगी ईवीएम पर नज़र

अहमदाबाद। गुजरात में कल पहले चरण के लिए मतदान होगा। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किये हैं। वहीँ ईवीएम से छेड़छाड़ या धांधली न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने भी कमर कस ली है।

कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को ईवीएम की पूरी जानकारी देने के अलावा बूथ कार्यकर्ताओं को ईवीएम के काम करने के तरीके की ट्रेनिंग दी है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने चुनाव आयोग से हर बूथ पर जैमर लगाए जाने की मांग भी की है। जिससे ईवीएम हैकिंग जैसी कोई संभावना ही न रहे।

कांग्रेस ने बूथ कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि पोलिंग शुरू होने से पहले वह ईवीएम को बारीकी से चैक करें। खासकर ईवीएम की सील और यह सुनिश्चित करें कि कहीं कांग्रेस के निशान पर कोई कागज या टेप तो नहीं चिपका है।

कांग्रेस ने अपने बूथ कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने के लिए एक एनजीओ और कई सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की मदद से अलग अलग जिलों में ट्रेनिंग कार्यक्रमों का आयोजन किया था।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि यूपी चुनावों के बाद आशंकित है, हम सभी केंद्रों और बूथों के 25 फीसदी वीवीपैट की गिनती चाहते हैं। हालांकि चुनाव आयोग का दावा है कि ईवीएम से छेड़छाड़ हो ही नही सकती, उसे हर तरह से जांचा जा चुका है। किसी भी तरह के शक को लेकर प्रशासनिक सुरक्षा और चेक एंड बैलेंसेज बेहद पुख्ता है जो किसी भी तरह की आशंका नहीं होनी चाहिए।

TeamDigital