गांधी जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा करेंगे सोनिया, राहुल और प्रियंका

गांधी जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा करेंगे सोनिया, राहुल और प्रियंका

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस देशभर में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी प्रदेश इकाइयों को गांधी जयंती के अवसर पर गांधी संदेश यात्राएं आयोजित करने के निर्देश जारी किये हैं।

दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित की जा रही पदयात्रा में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भाग लेंगी, वहीँ उत्तर प्रदेश में आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी जबकि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी वर्धा के सेवाग्राम में मार्च का नेतृत्व करेंगे।

यह जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि पार्टी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर देशभर में कई कार्यक्रमों और पदयात्राओं का आयोजन करने जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में पार्टी के महासचिवों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने साफ़ तौर पर कहा था कि सिर्फ सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना ही काफी नहीं हैं। कांग्रेस को उसकी पुरानी खोई हुई ज़मीन वापस दिलवाने के लिए सड़क पर उतरना होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पदयात्रा का ऐलान करते हुए कहा कि देश की गरीब जनता तक पहुंचना होगा। देशभर में बैठक बुलाकर अर्थव्यवस्था पर आवाज उठाएं। 2 अक्टूबर को पार्टी के सभी बड़े नेता पदयात्रा करेंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital