केंद्रीय मंत्री के बयान पर राहुल बोले ‘मंत्रिपद लायक नहीं, ‘

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े के विवादित बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया है। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने अनंत हेगड़े के बयान के लिए उन्हें बर्खास्त करने की मांग भी की है।
ट्विटर पर राहुल ने एक खबर शेयर करते हुए ट्वीट किया, यह व्यक्ति (हेगड़े) हर भारतीय के लिए शर्मिंदगी का विषय है। सोमवार को उन्होंने कहा कि हेगड़े मंत्री पद के योग्य नहीं हैं। उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने जो खबर शेयर की है उसके मुताबिक अनंत कुमार हेगड़े ने रविवार को कहा कि जो हाथ हिंदू लड़की को छुए वह रहना नहीं चाहिए। उनके बयान के बाद कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख दिनेश गुंडुराव और उनके बीच ट्विटर पर वाकयुद्ध छिड़ गया।
क्या कहा था अनंत कुमार हेगड़े ने :
कर्नाटक के कोडागू जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने रविवार को कहा था कि ‘जो हिंदू लड़कियों को छुए, उसके हाथ नहीं बचने चाहिए।’ इसके आगे हेगड़े ने कहा कि ‘इतिहास ऐसे ही लिखा जाता है और जब आप इतिहास लिखते हैं, तो आपके अंदर हिम्मत आती है।’
उन्होंने कहा कि ‘आप इतिहास पढ़ते हैं तो आपके अंदर डरने वाली भावनाएं आती हैं। अब ये आप लोगों को तय करना है कि आप इतिहास लिखना चाहते हैं या फिर इतिहास पढ़ना चाहते हैं।’
फिर दिया विवादित बयान:
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने अपने एक विवादित बयान के बाद दूसरा विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव को सोमवार को ऐसा व्यक्ति बताया जो महिला के पीछे भागा था। मंत्री के निशाने पर कांग्रेस नेता थे जिनकी पत्नी तबस्सुम राव हैं।
दिनेश गुंडू राव की पत्नी तबस्सुम ने सोमवार को अनंत हेगड़े पर पलटवार किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, हेगड़े सस्ती राजनीति के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल मोहरे की तरह न करें। वह राव के साथ राजनीतिक लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा, हमें भारतीय होने पर गर्व है। केंद्रीय मंत्री की इस तरह की महिला विरोधी टिप्पणी असहनीय है। तबस्सुम ने कहा कि उन्होंने हेगड़े को ट्विटर पर जवाब देने की कोशिश की थी लेकिन हेगड़े ने जवाब देने के बजाय उन्हें ब्लॉक कर दिया।