किसानों को जमीन के मुआवजे के मुद्दे पर राहुल के नेतृत्व में NHAI का घेराव
लखनऊ। राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए किसानो की ज़मीनो के अधिग्रहण के मुद्दे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी के नेतृत्व में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया का घेराव कर किसानो को समुचित मुआवज़ा दिए जाने की मांग सम्बन्धी ज्ञापन सौंपा गया।
आज इस मामले में पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी के नेतृत्व में जगदीशपुर, अमेठी में प्रभावित किसानों और व्यापारियों के साथ उचित मुआवज़े की मांग उठाते हुए NHAI अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
राहुल गांधी ने कहा कि “मैं किसानो की जमीन के लिए काफी समय से लड़ रहा हूं। जो किसानों की रक्षा का बिल था उसे मोदी जी ने रद्द करने की कोशिश वो रीढ़ की हड्डी है। उसके आधार पर सारा काम हो रहा है। मुझे लगता है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी उसको संवेदनशीलता के साथ देखेगी।”
एयरपोर्ट से सीधे एनएचएआई के दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी ने एनएचएआई के अधिकारियों को ज्ञापन देने के साथ किसानों के मुद्दे पर बात की। एनएचएआई के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वह इस मामले में एक टीम गठित कर मामले की जांच कराएंगे।
अंबेडकरनगर में नेशनल हाईवे निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश में किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किया गया था। अंबेडकरनगर जिले के डोंडो गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग में आने वाले मकानों को गिराए जाने के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने रविवार को धरना दिया था।
प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर राज बब्बर ने पहले प्रशासन से बात की, जवाब से असंतुष्ट होकर वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग में आने वाले जितने भी मकान गिराए गए हैं, उसके कानूनी कागजात प्रशासन पेश करे या कार्यदायी संस्था का कार्य मुआवजा दिए जाने तक बंद करवा दिया जाए।
