कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को राष्ट्रीय सचिव, अज़हरुद्दीन को तेलंगाना का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी में दो नई न्युक्ति की हैं। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सेक्रेटरी बनाया गया है। वहीँ पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अज़हरुद्दीन को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष न्युक्त किया गया है।
संदीप दीक्षित पूर्वी दिल्ली से सांसद भी रह चुके हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली के अंदर चल रही गुटबंदी को समाप्त करने के उद्देश्य से संदीप दीक्षित को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली में शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री रहते हुए भी काफी गुटबंदी थी। दिल्ली में कांग्रेस का नेतृत्व अजय माकन को दिए जाने के बाद यह गुटबंदी और ज़्यादा बढ़ गयी। कई मौको पर संदीप दीक्षित ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर सवाल उठाये थे।
वहीँ तेलंगाना में होने जा रहे विधानसभा चुनावो के मद्देनज़र अज़हरुद्दीन की न्युक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अल्पसंख्यको को पार्टी की तरफ मोड़ने के लिए अज़हरुद्दीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने राज्य के अल्पसंख्यको को एक सकारत्मक सन्देश देने की कोशिश की है।
अज़हरुद्दीन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सांसद रह चुके हैं। वे विधानसभा चुनावो में कांग्रेस के लिए स्टार प्रचारक के तौर पर भी कई विधानसभाओं में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।