कांग्रेस ने जारी की 9 उम्मीदवारों के नाम की एक और लिस्ट
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 9 उम्मीदवारों के नाम वाली एक और लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में गुजरात की एक लोकसभा सीट, महाराष्ट्र की दो और राजस्थान की 6 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामो का एलान किया गया है।
अहम बात यह है कि कांग्रेस ने 2004 के एथेंस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले केंद्रीय मंत्री राजवर्धन राठौड के खिलाफ कृष्णा पूनिया को उम्मीदवार बनाया है। कृष्णा पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2010 में स्वर्ण पदक जीता था और वे कांग्रेस की विधायक हैं।
कांग्रेस द्वारा जारी की गयी लिस्ट में गुजरात की मेहसाणा सीट से ऐ जे पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। महाराष्ट्र की रावेर लोकसभा सीट से उल्हास पाटिल और पुणे से मोहन जोशी को उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीँ राजस्थान की गंगानगर सीट से भरतराम मेघवाल, जयपुर देहात से कृष्णा पुनिया, अजमेर से रिज्जू झुनझुनवाला, राजसमंद से देविकानंद गुर्जर, भीलवाड़ा से रामपाल शर्मा, और झालावाड़- बारन से प्रमोद शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।
इससे पहले कांग्रेस उत्तर प्रदेश एवं कुछ अन्य राज्यों के लिए कुल 315 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है जिनमें संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम भी शामिल हैं।