कांग्रेस को मिला एक और स्टार प्रचारक

कांग्रेस को मिला एक और स्टार प्रचारक

नई दिल्ली। बीजेपी के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भले ही 6 अप्रेल को आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होंगे लेकिन कांग्रेस ने उन्हें अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह दे दी है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोतीलाल वोरा ने चुनाव आयोग को बिहार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची सौंपी है, जिसमें यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सह कहलगांव विधायक सदानंद सिंह, डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह के अलावा शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी शामिल है।

माना जा रहा है कि कांग्रेस शत्रुघ्न सिन्हा को कांग्रेस देशभर में चुनिंदा लोकसभा सीट पर प्रचार के लिए लगा सकती है। इससे पहले बीजेपी से कांग्रेस में आये नवजोत सिंह सिद्धू ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के लिए बड़ा कैंपेन किया था और उनकी मेहनत सफल भी रही।

इस समय कांग्रेस के पास भीड़ जुटाने और जनता की आँख में आँख डालकर प्रचार करने वाले स्टार प्रचारकों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर, पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ अब शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी जुड़ गया है।

गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा 28 मार्च को कांग्रेस में शामिल होने वाले थे लेकिन राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सलाह पर उन्होंने अपनी जोइनिंग नवरात्रि तक टाल दी। अब शत्रुघ्न सिन्हा 06 अप्रेल को कांग्रेस में शामिल होंगे।

कांग्रेस ने शत्रुघ्न सिन्हा को उनकी परम्परागत सीट पटना साहिब से उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। इस सीट पर बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को चुनाव मैदान में उतारा है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital