कांग्रेस के दिग्गज नेता का बयान: राहुल गांधी के अध्यक्ष बने रहने की एक प्रतिशत भी उम्मीद नहीं

कांग्रेस के दिग्गज नेता का बयान: राहुल गांधी के अध्यक्ष बने रहने की एक प्रतिशत भी उम्मीद नहीं

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अपनी ज़िद्द पर अड़े हुए हैं। हालाँकि उन्हें अभी भी मनाने की कोशिशें जारी है। इस बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरप्पा मोइली ने कहा है कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बने रहने की सम्भावना एक प्रतिशत भी नहीं है।

राहुल गांधी द्वारा अध्यक्ष पद से इस्तीफा वापस न लेने के सवाल पर वीरप्पा मोइली ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) इस मामले पर गौर करेगी।

उन्होंने कहा कि आज, मुझे नहीं लगता कि राहुल गांधी के फिर से जिम्मेदारी संभालने की संभावना एक प्रतिशत भी नहीं लगती। किसी अन्य नाम पर विचार करने से पहले सीडब्ल्यूसी निश्चित रूप से बैठक करेगी।

मोइली ने कहा कि जब तक सीडब्ल्यूसी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं करती, अटकलें और उनके बयान चलते रहेंगे। मोइली ने कुछ कांग्रेसी नेताओं की उस अपील पर टिप्पणी से इंकार कर दिया जिसमें गांधी से बहन प्रियंका को अध्यक्ष बनाने का अनुरोध किया गया था।

उन्होंने कहा कि मैं इंतजार करूंगा कि सीडब्ल्यूसी आगे कोई उचित कदम उठाए। लोकसभा चुनावों में करारी हार के बीच, मोइली ने पिछले सप्ताह कहा था कि कांग्रेस को बड़ी सर्जरी की जरूरत है।

वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस में इस्तीफ़ो का दौर जारी है। पार्टी के करीब 120 पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे पार्टी अध्यक्ष को भेज दिए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी भंग कर दी गई है।

राहुल गांधी अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे या कांग्रेस कार्यसमिति उनका इस्तीफा स्वीकार कर लेगी ? इसे लेकर कयासों का दौर जारी है। वहीँ पार्टी नेताओं के बीच यह चर्चा भी चल रही है कि यदि राहुल गांधी अपना इस्तीफा वापस नहीं लेते तो उनकी जगह पार्टी का नया अध्यक्ष कौन होगा।

TeamDigital