कांग्रेस का आरोप: बाबा के दरबार में भी झूठ बोले पीएम मोदी

कांग्रेस का आरोप: बाबा के दरबार में भी झूठ बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केदारनाथ यात्रा के दौरान दिए गए बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर पीएम मोदी पर हमले किये।

सुरजेवाला ने कहा कि “बाबा के दरबार में भी झूठ।मोदीजी यह बताना भूल गए की केंद्रीय कांग्रेस सरकार ने दिसंबर2013 में 8000करोड़ का पुनर्वास पैकेज दिया।”

उन्होंने कहा कि मोदी जी “भूल गए कि जहाँ कांग्रेस ने 8000 करोड़ में से 2200 करोड़ मई 2014 से पहले उत्तराखंड सरकार को दिए,मोदीजी ने बाक़ी राशि नहीं दी। मोदीजी यह भी भूल गए की कांग्रेस सरकार ने केदारनाथ जी मंदिर के इर्द-गिर्द 3 लेयर सुरक्षा दीवार बनाई ताकि भविष्य में बाढ़ को रोका जा सके।”

सुरजेवाला ने कहा कि मोदीजी भूल गए की बाबा के दर्शन हेतु आने वाले 4000 यात्रियों के लिए पड़ाव का इंतज़ाम,सड़कों व पैदल रास्ते का पुनर्निर्माण कांग्रेस ने किया। मोदीजी यह भी भूल गए की कांग्रेस सरकार ने केदारनाथ जी में मंदाकिनी व सरस्वती घाटों का पुनर्निर्माण तथा सभी मकानों का निर्माण भी कराया।

सुरजेवाला ने याद दिलाते हुए लिखा कि मोदीजी भूल गए की कांग्रेस ने केदारनाथजी मंदिर के पुजारियों के मकानों का निर्माण शुरू किया व घोड़े/खच्चर/ताँगावालों को आजीविका शुरू करवाई। उन्होंने लिखा कि ” ‘साँच को आँच नहीं’। मोदीजी, बाबा सब जानते हैं। ईश्वर की शरण में बड़बोली बातों व जुमलों से गुरेज़ करना चाहिए।”

इससे पहले सुरजेवाला ने पीएम मोदी के काला चश्मा लगाने पर तंज कसा, उन्होंने ट्वीट किया कि “मोदीजी,काश भुनाने की राजनीति छोड़, बुलगारी के इटालीयन चश्मे उतार, राहुलजी की तरह 18 कि.मी चल व विनम्र भाव से बाबा की भक्ति करते। “

क्या कहा था पीएम मोदी ने :

केदरनाथ यात्रा के दौरान एक सभा को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2013 के वक्त जब सबको यह खबर मिली कि मोदी केदारनाथ के पुर्ननिर्माण की जिम्मेदारी ले रहा है। तो दिल्ली में कोहराम मच गया। आनन फानन में राज्य सरकार को घोषणा करनी पड़ी कि हमें गुजरात सरकार की मदद की जरूरत नहीं है। उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर राहत और पुनर्वास के काम को सही से न करने के भी आरोप लगाए।

TeamDigital