कांग्रेस- आप में गठबंधन की अटकलों के बाद अब आयी ये खबर
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन के कयासों के बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत बन गयी है लेकिन अब आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह का कहना है कि गठबंधन की सम्भवनाएँ समाप्त हो चुकी हैं।
इससे पहले गठबंधन को लेकर आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बातचीत होनी थी। पहले कहा जा रहा था कि दिल्ली में आप चार सीटों और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सहमत हो गये हैं।
अब से थोड़ी देर पहले आप सांसद संजय सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार थी लेकिन कांग्रेस की गठबंधन करने में कोई रूचि नहीं है।
उन्होंने कहा कि ये बड़े दुःख की बात है कि गठबंधन के लिए आम आदमी पार्टी की तरफ से तमाम कोशिशों के बावजूद कांग्रेस गठबंधन के लिए हामी नहीं भर रही है।
गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर कांग्रेस और आप नेताओं के बीच कई बार बातचीत हुई थी। कांग्रेस का कहना था कि वह आम आदमी पार्टी के साथ केवल दिल्ली में गठबंधन करना चाहती है जबकि आम आदमी पार्टी दिल्ली के अलावा हरियाणा और पंजाब में भी सीटों की डिमांड कर रही है।
वहीँ आम आदमी पार्टी की तरफ से आये बयानों में गठबंधन न होने के लिए लगातार कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया जाता रहा है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में गठबंधन को लेकर एक राय न बनने के बाद गठबंधन को लेकर आखिरी फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया गया था।