कश्मीर में हिंसा का तांडव : बीजेपी नेता व पीडीपी एमएलए के घरों को लगाई आग

श्रीनगर । आतंकी बुरहान मुजफ्फर वानी के मारे जाने के बाद शनिवार को घाटी में हिंसा भड़क गई। इस हिंसा और विरोध प्रदर्शन में 13 लोगों की मौत हो गई और 200 से ज्यादा घायल हो गए। इसके साथ ही 3 पुलिसवाले अबतक लापता हैं। सभी मौतें दक्षिणी कश्मीर में हुई हैं। जख्मी लोगों में से 50 के गोलियां लगी हैं। इसके बावजूद विरोध लगातार जारी है।
अलगाववादी नेताओं के बंद बुलाए जाने के बाद लोग इस विरोध प्रदर्शन में और बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। हिंसा और विरोध कर रही भीड़ ने 15 पुलिस चोकियों, तीन थाने के साथ ही 6 पुलिसवालों और CRPF के कैंप्स को भी निशाना बनाया। इसके साथ ही यात्रियों के लिए बना एक कैंप, राष्ट्रीय राइफल कैंप और 20 से ज्यादा सरकारी बिल्डिंग्स को भी निशाना बनाया गया। पुलिस अधिकारी सहाय ने बताया, ‘भीड़ ने D H Pora में पुलिस स्टेशन पर हमला किया था। उन्होंने पुलिस के हथियार लूट लिए और थाने में आग लगा दी।’
IGP गिलानी के मुताबिक, 20 से ज्यादा पुलिसवालों को बंधक बना लिया गया था और लूटी हुई बंदूकों से उनपर भी गोलियां चलाई गई थीं। भीड़ ने कुलगाम जिले में बीजेपी नेता के घर पर भी आगजनी की। इसके साथ ही पीडीपी से विधायक अब्दुल रहीम के घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। कश्मीरी पंडितों के घर को भी तोड़ा गया है।
