कल्याण सिंह की शिकायत लेकर राष्ट्रपति के पास जायेगा चुनाव आयोग

कल्याण सिंह की शिकायत लेकर राष्ट्रपति के पास जायेगा चुनाव आयोग

नई दिल्ली। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में फंसते नज़र आ रहे हैं। आरोप है कल्याण सिंह ने संवैधानिक पद की मर्यादा का हनन किया है। कल्याण सिंह ने अलीगढ स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में खुद को बीजेपी कार्यकर्त्ता बताया था।

इस मामले में संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सामने इस मामले को ले जाने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि मामला राष्ट्रपति के पास पहुँचने के बाद कल्याण सिंह पर इस्तीफा देने का दबाव बन सकता है।

क्या कहा था कल्याण सिंह ने:

राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था “हम सभी लोग भाजपा के कार्यकर्ता हैं और इस नाते से हम जरूर चाहेंगे कि भाजपा विजयी हो। सब चाहेंगे कि एक बार फिर से केंद्र में मोदीजी प्रधानमंत्री बनें। मोदीजी का प्रधानमंत्री बनना इस देश के लिए आवश्यक है, समाज के लिए आवश्यक है।”

इससे पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी किये जाने पर कल्याण सिंह ने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए सार्वजनिक तौर पर कहा था कि मोदी को फिर पीएम बनाना है।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव आयोग ने संवैधानिक पद पर होने के कारण कल्याण सिंह का बयान आचार संहिता का उल्लंघन माना है और वह इस मामले में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर शिकायत करेगा।

TeamDigital