कर्नाटक में शह और मात का खेल जारी, इस्तीफा वापस लेने को तैयार नहीं विधायक

कर्नाटक में शह और मात का खेल जारी, इस्तीफा वापस लेने को तैयार नहीं विधायक

बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस जेडीएस के 13 विधायकों के इस्तीफे से राज्य की कुमार स्वामी सरकार के लिए पैदा हुआ संकट अभी बरकरार है। इस्तीफा देने वाले विधायकों ने अपने इस्तीफे वापस लेने से साफ़ तौर पर इंकार कर दिया है।

विधायकों के इस्तीफे से संकट में आये राज्य सरकार के मुख्यमंत्री कुमार स्वामी अमेरिका से वापस आ गए हैं और नाराज़ विधायकों को वापस लाने की कोशिशों में जुटे हैं। सोमवार को कुमारस्वामी ने कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक रामलिंगा रेड्डी से बेंगलुरु में किसी गुप्त स्थान पर मुलाकात की।

कर्नाटक में जारी राजनीतिक घमासान के बीच निर्दलीय विधायक एच नागेश ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले भी कांग्रेस और जेडीएस के 13 विधायक अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं।

इससे पहले कांग्रेस विधायक सोमशेखर ने कहा कि हम सभी (13) विधायकों ने स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है और गवर्नर को इसकी सूचना दे दी है। हम सब एक साथ हैं। बेंगलुरु वापस जाने और अपना इस्तीफा वापस लेने का कोई सवाल ही नहीं है।

14 विधायकों के इस्तीफे दिए जाने के बाद राज्य की कांग्रेस जेडीएस गठबंधन सरकार के अल्पमत में आने का खतरा पैदा हो गया है। वहीँ दूसरी तरफ बीजेपी मौके की तलाश में तैयार बैठी है।

गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर सोमवार तक अवकाश पर हैं। वे मंगलवार को विधानसभा पहुंचेंगे, तभी विधायकों के इस्तीफा पर फैसला लेंगे। फिलहाल यह माना जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा देने वाले 14 विधायकों के इस्तीफा स्वीकार किये जाने के साथ ही राज्य की कांग्रेस जेडीएस गठबंधन सरकार अल्पमत में आ जाएगी।

वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद डीके सुरेश ने कहा कि कांग्रेस के सभी मंत्री अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। उन्होंने कहा, ‘भाजपा के राष्ट्रीय नेता इसके पीछे हैं। भाजपा किसी विपक्षा पार्टी को राज्य में या देश पर शासन करने देना नहीं चाहती है। वह लोकतंत्र को बर्बाद कर रहे हैं।’

कांग्रेस के मंत्रियों के इस्तीफा दिए जाने के सवाल पर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा, ‘मैंने कांग्रेस पार्टी के सभी मंत्रियों को नाश्ते पर बुलाया है ताकि उनसे वर्तमान राजनीतिक हलचल और कमियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। हम जानते हैं भाजपा क्या करने की कोशिश कर रही है। यदि जरूरत पड़ी हम सभी इस्तीफा दें देंगे।’

इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त कर ”संविधान का चीरहरण” करने का आरोप लगाया था और कहा था कि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी के षड्यंत्र के बावजूद राज्य की सरकार नहीं गिरेगी। कर्नाटक विधानसभा के 13 विधायकों ने पिछले कुछ दिनों में इस्तीफा दिया है। इनमें से 10 विधायक कांग्रेस के हैं, जबकि 3 विधायक जद (एस) के हैं । वहीँ एक निर्दलीय विधायक ने आज अपना इस्तीफा दिया है।

TeamDigital