कर्नाटक में बीजेपी के दांव को असफल करने में जुटी कांग्रेस
नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस विधायकों के इस्तीफे से गर्म हुई राजनीति के बाद कांग्रेस एक्शन में आ गयी है। कांग्रेस के वॉर रूम 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर देर शाम कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा रहा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर कर्नाटक के हालातो का जायजा लिया। इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, गुलामनबी आज़ाद, मल्लिकार्जुन खड़के, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक, रणदीप सिंह सुरजेवाला, पी चिदंबरम और ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे।
पार्टी सूत्रों की माने तो बैठक में बीजेपी के दांव को चैक मेट करने के लिए राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ बातचीत की। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने कर्नाटक के कुछ कांग्रेस नेताओं से फोन पर भी बातचीत की।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के 9 और जेडीएस के 3 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। यदि स्पीकर ने इनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए तो राज्य की कांग्रेस जेडीएस सरकार अल्पमत में आ जाएगी और बीजेपी अपने मंसूबो में कामयाब हो सकती है।
फिलहाल कांग्रेस ने बीजेपी के सम्पर्क में आने से बचाने के लिए कर्नाटक के कांग्रेस और जेडीएस विधायकों को मुंबई के बीकेसी स्थित सोफीटेल होटल में ठहराया है। पहले उनके रेनेसां होटल में ठहरने की बात सामने आ रही थी। ये विधायक इस्तीफा देकर मुंबई आए हैं।
वहीँ इससे पहले कर्नाटक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल कांग्रेस नेताओं के साथ बेंगलुरु में बैठक की। बैठक के बाद वरिष्ठ कांग्रेस विधायक और लिंगायत नेता शमनूर शिवशंकरप्पा ने कहा, कुछ नहीं होगा। ये विधायक इस्तीफे की धमकी दे रहे थे क्योंकि इन्हें मंत्रीपद नहीं मिला। वे अपना इस्तीफा वापस ले लेंगे। गठबंधन को कोई खतरा नहीं है।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने विधायकों के इस्तीफे पर कहा, मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा। मैंने इस बारे में किसी से बात भी नहीं की है। मैं सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर रहा हूं ताकि वे आने वाले कॉरपोरेशन चुनावों के लिए तैयार हो सकें।
वहीँ दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़के ने कहा कि जो विधायक पार्टी छोड़ना चाहते हैं, वे लंबे समय से हमसे जुड़े रहे हैं। हमें विश्वास है कि वे हमारे साथ बने रहेंगे। उन्होंने बताया कि वह भी बंगलूरू जा रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बीजेपी के दांव को बेअसर करने के लिए पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़के और गुलाम नबी आज़ाद को ज़िम्मेदारी दी है। जहाँ वेणुगोपाल ने आज बेंगलुरु में डेरा डाल लिया है वहीँ मल्लिकार्जुन खड़के देर रात बेंगलुरु पहुँचने वाले थे। दूसरी तरफ कांग्रेस विधायकों को शिफ्ट करने के लिए कांग्रेस नेता गुलामनबी आज़ाद को ज़िम्मेदारी दी गयी है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि इस्तीफा देने वाले कांग्रेस विधायको को मनाने के लिए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया को ज़िम्मेदारी दी गयी है। फिलहाल कर्नाटक में सियासत गर्म है। कांग्रेस और जेडीएस विधायकों के इस्तीफे के बाद बीजेपी की तरफ से कहा गया कि वह राज्य में सरकार बनाने के लिए तैयार है।
बीजेपी की तरफ से आये बयान के बाद कांग्रेस अपने विधायकों को लेकर बेहद सतर्कता अपना रही है। पार्टी को डर है कि बीजेपी कहीं कुछ अन्य कांग्रेस विधायकों से सम्पर्क बनाने की कोशिश न करे।
