ओवैसी का सवाल “पटेलों को आरक्षण तो मुसलमानो को क्यों नहीं”
नई दिल्ली। आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने गुजरात में पाटीदार पटेलों के आरक्षण के लिए कांग्रेस द्वारा सत्ता में आने पर विधानसभा में बिल लाने के आश्वासन पर सवाल उठाये हैं।
ओवैसी ने कहा कि यदि पटेलों को आरक्षण दिया जा सकता है तो फिर मुसलमानो को क्यों नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने कहा है कि वह पटेलों को रिजर्वेशन देगी, बीजेपी ने कहा है कि वो पटेलों को ईबीसी में 10 परसेंट रिजर्वेशन देगी।’
ओवैसी ने कहा कि मैं दोनों पार्टियों से पूछना चाहता हूँ कि क्या गुजरात के मुसलमान की हालत पटेलों से अच्छी है। उन्होंने कहा कि यदि आर्थिक रूप से समृद्ध पटेलों को आरक्षण दिया जा सकता है तो मुसलमानो को भी आरक्षण दिया जाना चाहिए।
वहीँ ओवैसी के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए इसे बीजेपी की मदद में दिया गया बयान बताया है। कांग्रेस नेता और गुजरात के प्रभारी अशोक गहलोत ने कहा कि अफ़सोस की बात है कि ‘चुनाव के वक्त में ऐसे कई नेता हैं जो बीजेपी को मदद करने के लिए ऐसी टिप्पणियां करते हैं।
गहलोत ने कहा कि ऐसी टिप्पणियों के पीछे एक साजिश छिपी होती है जिससे लोग समझे कि वह बीजेपी के खिलाफ हैं लेकिन बीजेपी से.उनकी मिलीभगत होती है। उसी रूप में कई नेता टिप्पणी करते हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि मैं किसी व्यक्ति विशेष पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।
