ओपिनियन पोल सर्वे: कर्नाटक में फिर से कांग्रेस की सरकार

नई दिल्ली। कर्नाटक में अगले महीने होने जा रहे विधानसभा चुनावो को लेकर एक ओपिनियन पोल सर्वे में दावा किया गया है कि राज्य में फिर से कांग्रेस की सरकार बन सकती है।
आजतक द्वारा किये गए सर्वे के अनुसार कर्नाटक में कांग्रेस को सर्वाधिक 90 से 101 सीटें तक मिलेंगी वहीँ भारतीय जनता पार्टी को 78 से 86 सीटें तक मिल सकती हैं। वहीँ जनतादल सेकुलर को 34 से 43 सीटें मिलना बताया गया है।
आजतक के अनुसार यह सर्वे 17 मार्च से 5 अप्रैल, 2018 के बीच सभी 224 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया। इस दौरान कुल 27,919 लोगों का इंटरव्यू लिया गया। सर्वे में 62 फीसदी ग्रामीण और 38 फीसदी शहरी लोगों ने हिस्सा लिया।
सर्वे में 52 फीसदी लोगों ने कांग्रेस द्वारा खेले गए लिंगायत कार्ड को मुद्दा माना है जबकि 28 फीसदी ने इसे कोई मुद्दा मानने से इनकार कर दिया। 42 फीसदी लोगों ने राहुल गांधी के मंदिर-मंदिर जाने से कांग्रेस को फायदा होना बताया है। वहीँ 35 फीसदी लोगों ने माना कि इससे कांग्रेस को फायदा नहीं होगा, जबकि 20 फीसदी लोगों ने इस मुद्दे पर अपनी राय नहीं दी।
सर्वे में सिद्धारमैया सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री के रूप में उभरे हैं। 33 फीसदी लोगों का मानना है कि सिद्धारमैया दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे जबकि 26 फीसदी लोगों का मानना था कि बी एस येदुरप्पा सीएम बनेंगे।
गौरतलब है कि कर्नाटक में 224 विधानसभाओं के लिए 12 मई को मतदान होना है तथा 15 मई को परिणाम घोषित किये जायेंगे। मौजूदा समय में कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस के 122, बीजेपी के 43, जेडीएस के 29 और अन्य के 14 विधायक हैं और 16 सीट खाली हैं। एक विधायक एंग्लो-इंडियन समुदाय से नामित हैं।