एबीपी न्यूज़ सीवोटर सर्वे : मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार
नई दिल्ली। इस वर्ष के अंत तक तीन अहम राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव पूर्व एबीपी न्यूज़ – सी वोटर द्वारा किये गए सर्वे के अनुसार मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तीनो ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की विदाई तय है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने जा रहे विधानसभा चुनावो को 2019 के लोकसभा चुनावो का सेमी फाइनल माना जा रहा है। ऐसे में एबीपी न्यूज़ – सी वोटर का ओपिनियन पोल कांग्रेस के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया है।
मध्य प्रदेश:
ओपिनियन पोल के अनुसार मध्य प्रदेश में कांग्रेस को बीजेपी से दो फीसदी ज़्यादा वोट मिलते दिख रहे हैं। ओपिनियन पोल के मुताबिक बीजेपी को 40%, कांग्रेस को 42% तथा अन्य को 18 % वोट मिलने की सम्भावना है। ओपिनियन पोल के मुताबिक मध्य प्रदेश में कुल 230 सीटों में से कांग्रेस को 117सीटें, बीजेपी को106 सीटें तथा अन्य को 7 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गयी है।
मध्य प्रदेश में सीएम के तौर पर लोकप्रियता के मामले में एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान ने बाजी मार ली है। ओपिनियन पोल के मुताबिक प्रदेश के सीएम के लिए शिवराज सिंह चौहान 42 फीसदी लोगों की पसंद हैं वहीँ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया 30% तथा कमलनाथ 9% लोगों की पसंद हैं।
छत्तीसगढ़:
वहीँ ओपनियन पोल के मुताबिक छत्तीसगढ़ में भी रमन सिंह सरकार का जाना तय है लेकिन यहाँ कांटे की टक्कर है। सर्वे के मुताबिक यहाँ बीजेपी को 39%, कांग्रेस को 40% तथा अन्य को 21% लोगों ने अपना समर्थन जताया है।
ओपनियन पोल के मुताबिक छत्तीसगढ़ में बीजेपी को 33, कांग्रेस को 54 तथा अन्य को 3 सीटें मिलती दिख रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री के तौर पर रमन सिंह पहली पसंद हैं।
राजस्थान:
एबीपी न्यूज़ सी वोटर के सर्वे के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस की धमाकेदार वापसी होने के संकेत हैं। ओपिनियन पोल के मुताबिक राजस्थान में कांग्रेस को 51 प्रतिशत, बीजेपी को 37 प्रतिशत तथा अन्य को 12 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है।
ओपिनियन पोल के मुताबिक राजस्थान की कुल 200 सीट में से बीजेपी को 57, कांग्रेस को 130 तथा अन्य को 13 सीटें मिलने की सम्भावना जताई गयी है। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहली पसंद हैं, वहीँ वसुंधरा राजे दूसरी और सचिन पायलट तीसरे नंबर पर हैं।
