एग्जिट पोल को ख़ारिज करते हुए चिदंबरम बोले ‘विपक्षी दलों की बन रही सरकार’

एग्जिट पोल को ख़ारिज करते हुए चिदंबरम बोले ‘विपक्षी दलों की बन रही सरकार’

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर आये एग्जिट पोल को सच्चाई से परे बताते हुए पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने दावा किया है कि केंद्र में विपक्षी दलों की सरकार बनेगी।

एक न्यूज़ चैनल से बात करते हुए चिदंबरम ने कहा कि भले ही बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी हो सकती है लेकिन उसे सरकार बनाने के लिए बहुमत नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में विपक्षी दल मिलकर सरकार बनाएंगे।

23 मई को आने वाले चुनाव परिणाम को लेकर चिदंबरम ने कहा कि “हमारा अपना समीकरण है, जैसा हर पार्टी करती है। यह संभव है कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे। हम आश्वस्त हैं कि गैर बीजेपी सरकार बनने जा रही है।”चिदंबरम ने कहा कि “गैर बीजेपी पार्टी जिसमें कांग्रेस भी शामिल होगी वह मिलकर सरकार बनाएगी।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में कड़ी टक्कर दी है। उन्होंने कहा था कि जहां हम बीजेपी को हरा सकते हैं वहीं कड़ी मेहनत करेंगे। जहां हमारी ताकत उतनी नहीं थी वहां हमने गठबंधन की मदद की। ऐसा प्रियंका गांधी ने बार-बार कहा है।”

सपा-बसपा केंद्र में कांग्रेस को समर्थन देगी ? इस सवाल पर पी चिदंबरम ने कहा, ” एक बात समझ लीजिए, हमारे पास सहयोगी पहले से है। हमारे सहयोगी कर्नाटक में हैं, तमिलनाडु में हैं। केरल, महाराष्ट्र, झारखंड और बिहार में भी सहयोगी हैं। हमारे सहयोगी एकजुट है और कोई गया नहीं है।”

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद विभिन्न चैनलों द्वारा दिखाए गए एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त दिखाई गयी है। एग्जिट पोल आने के बाद जहाँ बीजेपी केंद्र में फिर से वापसी के दावे कर रही है वहीँ विपक्ष ने एग्जिट पोल को ख़ारिज कर दिया है।

TeamDigital