एक्सक्लूसिव: जन आक्रोश रैली में बोले राहुल ‘कार्यकर्ताओं को नहीं दिया सम्मान तो करेंगे कार्यवाही’

एक्सक्लूसिव: जन आक्रोश रैली में बोले राहुल ‘कार्यकर्ताओं को नहीं दिया सम्मान तो करेंगे कार्यवाही’

नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार पर कड़े प्रहार किये। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदी भ्रष्टाचार से लड़ने की बात कहते हैं और उनके पीछे येदुरप्पा खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जहां भी जाते हैं, वायदा कर देते हैं, पर सच्चाई नहीं होती। राहुल गांधी ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, लोगों से पूछता हूं खुश हो तो जवाब मिलता है- नहीं। उन्होंने कहा कि मोदी भाषण देते हैं और लोग उसमें सच्चाई खोजते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान आस्था का देश, मंदिरों-मस्जिदों-चर्चों का देश है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान के हर संस्थान को नष्ट किया जा रहा है, देश में हर जगह आरएसएस के लोग डाले जा रहे हैं। हर मंत्री के ओएसडी आरएसएस के लोग हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी जी बोनस छीन गये, एमएसपी नहीं बढ़ाते और फिर भाषण में किसानों की बात करेंगे। अरुण जेटली जी कहते हैं किसानों का कर्जा माफ करना हमारी पॉलिसी नहीं है।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर न्याय पालिका में अपरोक्ष रूप से हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम तौर से जनता जज के पास न्याय के लिये जाती है, 70 साल में पहली बार हिन्दुस्तान में सुप्रीम कोर्ट के जज हाथ जोड़कर न्याय के लिये जनता के पास आते हैं, मोदी जी चुप !

मोदी सरकार में भ्रष्टाचार की बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पीयूष गोयल मंत्री बनने के बाद भी अपनी कंपनी को डिक्लेयर नहीं करते, बाद में अपनी कंपनी को बेचते हैं लेकिन मोदी जी के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता।

राहुल गांधी ने जन आक्रोश रैली में आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस में 18 साल से लेकर 80 साल तक के लोगों को सम्मान मिलेगा, जो आदर नहीं देगा, मैं उसपर कार्रवाई करूंगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में लीडरशिप की कमी नही है।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में अलग-अलग राय होती हैं, सलमान खुर्शीद जी यहां बैठे हैं. कुछ दिनों पहले उन्होंने अलग राय दी. लेकिन मैं अलग राय देने वाले खुर्शीद जी की रक्षा करूंगा।

इससे पहले पूर्व प्रधानमन्त्री डा मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया के दूसरे देशों में कच्चे तेल की कीमतें काफी नीचे आ गयी हैं फिर भी भारत में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं कर पायी। चार साल पहले मोदी सरकार ने वादा किया था कि वो सरकार में आते ही मुल्क में 2 करोड़ से ज्यादा रोज़गार के साधन उपलब्ध करायेंगे। हकीकत ये है कि देश में बेरोज़गारी बढ़ रही है।

डा सिंह ने कहा कि ये सरकार किसान विरोधी है, किसान कर्ज के नीचे दबे जा रहे हैं, हर तरफ से कर्ज माफ करने की आवाजें उठ रही हैं। उन्होंने कहा कि चार साल पहले मोदी सरकार ने भारत की जनता से बहुत से वादे किये थे, जाहिर है उनमें से किसी वादों को भी पूरा करने में ये सरकार कामयाब नहीं रही।

डा मनमोहन सिंह ने एक शेर भी पढ़ा, उन्होंने कहा कि एक शायर ने कहा था – कुछ ऐसे भी मंजर हैं तारीख की नज़रों में, लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सजा पायी।

जन आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने भी मोदी सरकार पर कड़े प्रहार किये। उन्होंने कहा कि राजनैतिक विरोधियों को सरकारी संस्थाओं के ज़रिये निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव को ध्यान में रखकर समाज का बंटवारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश को निष्पक्ष और मजबूत संवैधानिक संस्थाओं की जरुरत है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital