एक्शन में कांग्रेस: हिमाचल प्रदेश की राज्य इकाई भंग

एक्शन में कांग्रेस: हिमाचल प्रदेश की राज्य इकाई भंग

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद कांग्रेस अब राज्यों में संगठन को चुस्त दरुस्त करने में जुट गयी है। कर्नाटक राज्य कांग्रेस इकाई भंग किये जाने के बाद कल उत्तर प्रदेश की सभी जिला इकाईयों को भंग कर दिया गया था। अब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की राज्य इकाई को भंग किया गया है।

माना जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में पार्टी के अंदर चल रही गुटबंदी को लेकर पार्टी ने राज्य इकाई को भंग करने का फैसला लिया है। हिमाचल प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के बीच चल रहे शीत युद्ध के कारण संगठन में खींचतान मची हुई थी।

पार्टी सूत्रों की माने तो प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए एक ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। सूत्रों ने कहां कि इस ब्लूप्रिंट पर जल्द ही काम शुरू हो जायेगा।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस संगठन में गुटबंदी की खबर पार्टी हाईकमान को पहले से है। लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष पद पर नई न्युक्ति किये जाने के बाद भी प्रदेश कांग्रेस की गुटबंदी जस की तस रही। जिसका खामियाजा पार्टी को लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ा।

वहीँ यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उन राज्यों में संगठन नए सिरे से खड़ा करना चाहते हैं जिन राज्यों में पार्टी गुटबंदी से जूझ रही है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद बुलाई गयी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी संगठन के अंदर अपने मन मुताबिक फेरबदल करने का अधिकार दिया गया था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital