उपचुनाव के फाइनल परिणाम: जनता ने नाकारा अच्छे दिन का सपना
नई दिल्ली। लोकसभा की चार और विधानसभा की दस सीटों के लिए हुए उपचुनाव और कर्नाटक की एक सीट के लिए हुए विधानसभा चुनाव के अंतिम परिणाम आ चुके हैं।
देश के अलग अलग राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणाम बता रहे हैं कि जनता ने मोदी सरकार के अच्छे दिनों के सपने को नकार दिया है। वहीँ उत्तर प्रदेश में जो परिणाम आये हैं वे योगी आदित्यनाथ सरकार के कामकाज पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करते हैं।
जिन दस सीटों पर विधानसभा का उपचुनाव हुआ वहां अधिकांश सीटों पर गैर बीजेपी दलों ने जीत दर्ज कर बीजेपी को 2019 के लिए बड़ा सन्देश दिया है।
विधानसभा की 10 सीटों में जेएमएम ने दो, कांग्रेस ने तीन तो वहीं बीजेपी, आरजेडी, सीपीएम, टीएमसी और एसपी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। इसके साथ ही कर्नाटक की राजराजेश्वरी सीट पर हुए विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार विजयी हुए हैं।
लोकसभा सीटों का हाल :
कैराना लोकसभा सीट पर विपक्ष द्वारा समर्थन प्राप्त रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने बीजेपी की मृगांका सिंह को 55000 वोटों से हराकर विपक्ष की एकजुटता का रास्ता मजबूत किया है।
भंडारा गोंदिया लोकसभा सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार मधुकर कुकड़े ने बीजेपी उम्मीदवार को हराकर यह सीट बीजेपी से छीन ली है। कांग्रेस ने एनसीपी के साथ समझौते के तहत अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था।
नागालैंड लोकसभा सीट पर में एनडीपीपी के उम्मीदवार तोखेहो विजयी रहे हैं।
बीजेपी को चार लोकसभा सीटों में से सिर्फ एक सीट पर सफलता मिली है। पालघर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार बीजेपी ने राजेंद्र गावित विजयी रहे हैं।
विधानसभा सीटों का हाल :
कर्नाटक की राजराजेश्वरी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के एन मुनिरत्न बेंगलुरु ने बीजेपी उम्मीदवार को 25,400 से अधिक मतों से पराजित कर जीत दर्ज की है।
महाराष्ट्र के पलूस-कडेगाव विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार विश्वजीत पतंगराव कदम ने निर्विरोध जीत हासिल की है। इस सीट पर बीजेपी ने कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ संग्राम सिंह देशमुख को उतारा था लेकिन उन्होंने आखिरी समय पर अपना नामांकन वापस ले लिया था।
पश्चिम बंगाल की महेशतला विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार मेहश चंद्र दास चुनाव जीते। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार को हराया। यहाँ सीपीएम तीसरे नंबर पर रही।
केरल की सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ के उम्मीदवार साजी चेरियन ने चेंगन्नुर विधानसभा सीट पर विजय हासिल की है।
उत्तर प्रदेश की नूरपुर विधानसभा सीट पर भी बीजेपी को विपक्ष के समक्ष घुटने टेकने पड़े। यहाँ समाजवादी पार्टी के नईमुल हसन ने बीजेपी की अवनि सिंह को 6,211 वोटों के अंतर से हराया।
मेघालय में अम्पति विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने दोबारा कब्जा कर लिया है। यहाँ कांग्रेस उम्मीदवार करीब 3,000 से अधिक मतों के अंतर से विजयी हुए हैं।
पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस के हरदेव सिंह लाडी ने शाहकोट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की है। उन्होंने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी शिरोमणी अकाली दल के उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ को 38,801 मतों के अंतर से हराया।
झारखंड की सिल्ली विधानसभा सीट से उपचुनाव का परिणाम राज्य में मुख्य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आजसू उम्मीदवार को पराजित कर सीट पर कब्ज़ा कर लिया है।
झारखंड की गोमिया विधानसभा सीट से राज्य में मुख्य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जीत दर्ज की है। ये पहले भी झामुमो के पास थी। यहाँ सत्तारूढ़ बीजेपी तीसरे नंबर पर पिछड़ गयी।
बिहार में मुख्यमंत्री नितीशकुमार को बड़ा झटका लगा है। बिहार की जोकीहाट विधानसभा सीट पर उपचुनाव में आरजेडी के शाहनवाज आलम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जदयू के मुर्शीद आलम को करीब 41,000 वोटों से हरा दिया।
बीजेपी ने चमोली जिले की थराली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर ली है। बीजेपी की प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह ने 1,900 वोटों से ज्यादा के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डॉक्टर जीतराम शाह को हराया।
जानकारों की माने तो जो चुनाव परिणाम सामने आये हैं वे बीजेपी के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं है। चुनाव परिणामो से जहाँ विपक्ष को नई ऊर्जा मिलेगी आज आये चुनाव परिणाम 2019 के आमचुनाव के लिए विपक्ष की एकता की बुनियाद बनेगे।
