उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सभी जिला कमेटियां भंग, उप चुनाव के लिए टीम गठित

नई दिल्ली। कर्नाटक में प्रदेश इकाई भंग करने के बाद अब कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सभी जिला इकाइयों की भंग कर दिया है और सभी जिलाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।
लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी संगठन में व्यापक फेरबदल किये जाने का अधिकार दिया गया था। कर्नाटक और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में कांग्रेस सिर्फ एक एक सीट ही जीत पाई थी।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जिला इकाइयों को भंग किये जाने के साथ ही विधायक अजय कुमार लल्लू को पूर्वी यूपी के संगठन में फेरबदल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेंटी (एआईसीसी) ने पार्टी महासचिव और पूर्वी-पश्चिमी यूपी के इनचार्ज के निर्देश पर यह फैसला लिया है।
कांग्रेस द्वारा जारी की गयी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यूपी की सभी जिला इकाइयां भंग कर दी गई हैं। इसी के साथ जहां-जहां विधानसभा उपचुनाव होने हैं वहां चुनाव की तैयारी के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। इतना ही नहीं पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान अनुशासनहीनता के मामलों को देखने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी सिर्फ रायबरेली सीट ही बचा सकी, वहीँ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए।
उत्तर प्रदेश में पिछले काफी समय से कांग्रेस राज्य की सत्ता से बाहर है। पार्टी नेता इस बात को स्वीकार करते रहे हैं कि राज्य में कांग्रेस का संगठन अन्य राज्यों की तुलना में काफी कमज़ोर है।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को संजीवनी देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने दो भरोसेमंद ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रियंका गांधी को प्रभारी न्युक्त किया है। प्रियंका गांधी पूर्वी और ज्योतिरादित्य सिंधिया पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभार देख रहे हैं।