आर्थिक मंदी पर बीजेपी की घेराबंदी, 10 से 25 अक्टूबर तक कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

नई दिल्ली। देश मे आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस जल्द ही एक्शन मोड में दिखाई देगी। देश में आर्थिक मंदी के लिए मोदी सरकार की ग़लत नीतियों ज़िम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस 10 से 15 अक्टूबर तक जगह जगह प्रदर्शन करेगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस के इस प्रस्तावित प्रदर्शन को हरी झंडी दे दी है। इस क्रम में देशभर में प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शन प्रदेश और जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर पर आयोजित किये जायेंगे।
सूत्रों के मुताबिक इन प्रदर्शनों के ज़रिये कांग्रेस जनता को बताएगी कि किस तरह मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है। सूत्रों ने कहा कि 15 से 25 अक्टूबर के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेता प्रेस कॉन्फ्रेंसों को सम्बोधित कर मीडिया के समक्ष मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की कलई खोलेंगे।
इसमें कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, जयराम रमेश, मनीष तिवारी, शशि थरूर, ए के एंटनी, कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आज़ाद मल्लिकार्जुन खड़के, सुष्मिता देव, मुकुल वासनिक आदि अलग अलग राज्यों के कांग्रेस मुख्यालयों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि इससे पहले 10 से 15 अक्टूबर तक कांग्रेस जनजागरण अभियान चलाएगी और जनता को मंदी के दुष्परिणामो से अवगत कराया जाएगा।