आरटीआई में मिली जानकारी: निर्दलीय प्रत्याशी का बटन दबाने से बीजेपी को जा रहे थे वोट

आरटीआई में मिली जानकारी: निर्दलीय प्रत्याशी का बटन दबाने से बीजेपी को जा रहे थे वोट

नई दिल्ली। जहाँ एक तरफ चुनाव आयोग ईवीएम मशीनों में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने की सम्भावना से इंकार करता रहा है वहीँ एक ऐसे मामले का खुलासा हुआ है जिसमे निर्दलीय उम्मीदवार को वोट डालने के लिए बटन दबाने पर बीजेपी को वोट पड़ रहे थे।

सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत मांगी गयी जानकारी में जिला कलक्टर ने महाराष्ट्र के बुलढ़ाणा ज़िला परिषद के चुनाव में ईवीएम की गड़बड़ी को स्वीकार किया है।

द वायर की एक खबर के अनुसार फरवरी में महाराष्ट्र के बुलढ़ाणा में ज़िला परिषद चुनाव में लोनार के सुल्तानपुर गांव के एक पोलिंग स्टेशन पर जब मतदाता ‘नारियल’ चुनाव चिह्न के सामने का बटन दबा रहे थे, तब कमल के फूल के निशान (भाजपा) के सामने की लाइट जल रही थी।

ईवीएम की इस गड़बड़ी निर्वाचन अधिकारी ने ज़िला कलेक्टर को बताया। यह बात आरटीआई के जवाब में उनके द्वारा दी गई जांच रिपोर्ट में बताई गई है। गलगली के अनुसार उन्होंने एक निर्दलीय मतदाता आशा अरुण जोरे की ईवीएम गड़बड़ी की शिकायत के बाद 16 फरवरी को हुए इस चुनाव के बारे में निर्वाचन अधिकारी की जांच रिपोर्ट जानने के लिए जून महीने में एक आरटीआई दाखिल की थी।

गलगली ने बताया कि इस आरटीआई के जवाब में बताया गया है, ‘बुलढ़ाणा इलेक्शन डिपार्टमेंट की ओर से जवाब दिया गया कि लोनार शहर के सुल्तानपुर में 56 नंबर पोलिंग स्टेशन में जब मतदाता प्रत्याशी नंबर 1 के सामने नारियल चिह्न का बटन दबा रहे थे तब प्रत्याशी संख्या 4 के कमल के फूल के निशान वाले बटन की लाइट जल रही थी, जिसका अर्थ था कि वोट 1 नंबर वाले की बजाय 4 नंबर वाले प्रत्याशी को गया है।

जानकारी लोनार क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी तक पहुंचने के बाद उन्होंने ख़ुद जाकर इस मशीन की जांच की और पाया कि पहला बटन दबाने पर चौथे बटन के सामने की लाइट जल रही है। आरटीआई में यह भी बताया गया है कि विभिन्न दलों की दोबारा चुनाव करवाने की मांग के चलते यह चुनाव रद्द कर दिया गया और 5 दिन बाद दोबारा चुनाव हुआ।

TeamDigital