आप की पूर्व एमएलए अलका लांबा कांग्रेस में शामिल

आप की पूर्व एमएलए अलका लांबा कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की पूर्व विधायक अलका लांबा आज विधिवत कांग्रेस में शामिल हो गयीं। स मौके पर कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको, चांदनी चौक के जिला अध्यक्ष उस्मान, आदर्श नगर जिलाध्यक्ष जिंदल व अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद अलका लांबा ने ट्वीट कर कहा कि ‘आज कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पहुंच कर दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको, जिला चांदनी चौक अध्यक्ष उस्मान, जिला आदर्श नगर अध्यक्ष जिंदल व अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस सदस्य बनने पर गर्व महसूस कर रही हूं।

गौरतलब है कि 26 दिसंबर 2014 को अलका लांबा कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गयीं थीं। 2015 के विधानसभा चुनाव में आप ने उन्हें दिल्ली की चांदनी चौक सीट से उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर अलका लांबा ने बीजेपी उम्मीदवार सुमन कुमार गुप्ता को पराजित किया।

आम आदमी पार्टी में पार्टी लाइन से अलग राय रखने के बाद सितंबर 2019 अलका लांबा ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली विधानसभा से अयोग्य करार दे दिया गया था।

कौन हैं अलका लांबा:

अलका लांबा अपने छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रीय रहीं हैं। वे दिल्ली विश्वविधालय छात्र संघ की अध्यक्ष रह चुकी हैं। अलका लांबा का कांग्रेस से पुराना रिश्ता रहा है। वे कांग्रेस से जुड़े छात्र सगठन एनएसयूआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव भी रही हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital