आज होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, अध्यक्ष पद के लिए मुकुल वासनिक सशक्त दावेदार
नई दिल्ली। पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने के लिए कांग्रेस कार्यसमिति की आज (शनिवार) को बैठक होने जा रही है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से एक दिन पहले यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास दस जनपथ पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठ हुई।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार को होने जा रही सीडब्ल्यूसी की बैठक में नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगायी जा सकती है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि दस जनपथ में अध्यक्ष पद के लिए जो तीन नाम फाइनल किये गए हैं उनमे मुकुल वासनिक, सुशील कुमार शिंदे और मल्लुकारजुन खड़के के नाम शामिल हैं।
सूत्रों ने कहा कि तीन नामो में दस जनपथ की पसंद मुकुल वासनिक हैं। जो मूलतः महाराष्ट्र के हैं और एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर भी पार्टी को अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सूत्रों ने कहा कि बीजेपी के कट्टर हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की काट तलाश रही कांग्रेस दलित चेहरे को पार्टी अध्यक्ष बनाने का मन बना चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद के लिए मुकुल वासनिक सबसे सशक्त उम्मीदवार हैं।
सूत्रों ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए यदि कार्यसमिति की बैठक में एक नाम पर सहमति नहीं बनती तो कार्यसमिति संयुक्त नेतृत्व के विकल्प पर भी विचार कर सकती है। जिसमे एक से अधिक कार्यकारी अध्यक्षों की न्युक्ति किये जाने का प्रस्ताव है।
सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत में एक बार फिर राहुल गांधी ने अपना इस्तीफा वापस लेने के लिए कहा जाएगा। हालाँकि राहुल गांधी बार बार दोहरा चुके हैं कि वे किसी हाल में अपना इस्तीफा वापस नहीं लेंगे लेकिन इसके बावजूद औपचारिक तौर पर यह प्रस्ताव रखा जायेगा और राहुल गांधी द्वारा अस्वीकार किये जाने पर पार्टी के लिए नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा होगी।
फिलहाल यह तय माना जा रहा है कि 21 साल बाद कांग्रेस में गांधी नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति पार्टी के अध्यक्ष पद का काम संभालेगा। इससे पहले 1998 में सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनी थीं। इसके बाद 2017 के अंत में राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया था।