आज से बढ़ेगा गुजरात का राजनैतिक तापमान
अहमदबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की दो मुख्य पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झौंक दी है। इस क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात में हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का दो दिन के दौरे पर गुजरात में होना और पीएम नरेंद्र मोदी का आज चार जनसभाओं को सम्बोधित करने के कार्यक्रम के कारण अगले दो दिन गुजरात में राजनैतिक तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
वहीँ पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी इस मामले में पीछे नहीं हैं। वे भी बुधवार से अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे। हार्दिक पटेल आज मोरबी के किसानो के साथ पंचायत करेंगे और कर्ज माफ़ी की मांग को लेकर किसानो को सम्बोधित करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार को फिर चार रैलियों को संबोधित करेंगे। वे राजकोट के मोरबी, सोमनाथ के प्राची, भावनगर के पालिताना और दक्षिणी गुजरात के नवसारी में सभाओं को सम्बोधित करेंगे ।
वहीँ उन्हें काउंटर करने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी दो दिवसीय दौरे पर गुजरात में हैं। राहुल गांधी सोमनाथ मंदिर में मत्था टेक कर राहुल अपने दो दिन के दौरे की शुरुआत करेंगे।
वे गीर सोमनाथ, अमरेली और भावनगर जिले में सभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान वो एक रोड शो भी करेंगे और अमरेली में एक बड़ी रैली को सम्बोधित करेंगे।
गुजरात में दो चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं। पहले चरण के लिए 9 दिसंबर और दूसरे चरण के लिए 14 दिसंबर को मतदान होना है। राज्य में कांग्रेस बीजेपी के अलावा बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी,जन विकल्प पार्टी आदि मैदान में हैं।
