आज कांग्रेस के हो जायेंगे कीर्ति आज़ाद, ट्विटर पर दी जानकारी

आज कांग्रेस के हो जायेंगे कीर्ति आज़ाद, ट्विटर पर दी जानकारी

नई दिल्ली। बिहार के दरभंगा से बीजेपी सांसद कीर्ति आज़ाद शुक्रवार को दोपहर दो बजे कांग्रेस में शामिल होगे। ट्विटर पर यह जानकारी स्वयं कीर्ति आज़ाद ने साझा की है।

गौरतलब है कि डीडीसीए मामले में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ गंभीर आरोप लगाने के बाद कीर्ति आज़ाद को 23 दिसंबर 2015 को बीजेपी से निलंबित कर दिया गया था।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भगवत झा आज़ाद का बेटा होने के कारण यूँ तो कीर्ति आज़ाद के परिवार का कांग्रेस से पुराना रिश्ता रहा है। इसलिए बीजेपी छोड़ने की शर्त पर कांग्रेस उनके लिए उचित विकल्प माना जा रहा है।

कीर्ति आज़ाद के कांग्रेस में शामिल होने के बाद बिहार में फिर से जमाने की कोशिश कर रही कांग्रेस को हालाँकि कोई बड़ा लाभ नहीं होगा लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि कीर्ति आज़ाद बिहार में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल किये जा सकते हैं।

जानकारों की माने तो कांग्रेस बिहार के अलावा दिल्ली में भी कीर्ति आज़ाद को आज़मा सकती है। कीर्ति आज़ाद दिल्ली के गोल मार्किट से विधायक रह चुके हैं। इस सीट पर दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित भी चुनाव लड़ चुकी हैं।

चूँकि दिल्ली में कांग्रेस ने एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन कर शीला दीक्षित को पार्टी की कमान सौंपी है इसलिए ये कयास भी लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस कीर्ति आज़ाद को बिहार की जगह दिल्ली की किसी सीट से चुनाव लड़ा सकती है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital